रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर पड़ोसी देश नेपाल में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की प्रतिष्ठित कवियित्री शुभा शुक्ला निशा को मातृभाषा रत्न मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें हिंदी भाषा के निरंतर प्रचार-प्रसार, साहित्य सृजन और सांस्कृतिक सरोकारों में सक्रिय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान नेपाल की प्रसिद्ध संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस समारोह में दिया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश के लगभग एक हजार कवि, साहित्यकार, पत्रकार और शिक्षकों को सम्मानित कर मातृभाषाओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया।
शुभा शुक्ला निशा हिंदी साहित्य जगत में एक सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनकी हिंदी भाषा में अब तक नौ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जबकि दसवीं पुस्तक प्रकाशनाधीन है। वे अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी के वैश्विक प्रसार के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में भी उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं।
रायपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
सम्मान समारोह के दौरान नेपाल-भारत मैत्री, बुद्ध सर्किट एवं रामायण सर्किट के प्रचार-प्रसार, मिथिला एवं अवध संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन, देवनागरी लिपि के संरक्षण और हिंदी-नेपाली भाषा के संयुक्त वैश्विक प्रसार जैसे विषयों पर भी विशेष बल दिया गया। शुभा शुक्ला निशा की इस उपलब्धि पर वक्ता मंच के पदाधिकारी राजेश पराते, शुभम साहू, मनीष अवस्थी, ज्योति शुक्ला, दुष्यंत साहू और हेमलाल पटेल ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए इसे रायपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।