रायपुर शहर के काजी आरिफ अली फारूकी को एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने काजी के पद से हटा दिया है।

रायपुर। राजधानी रायपुर के मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन यतीमखाना बैजनाथ पारा रायपुर शहर के काजी आरिफ अली फारूकी को एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने काजी के पद से हटा दिया है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के मुताबिक यह प्रदेश का ही नहीं, देश का ऐसा पहला मामला है जिसमें किसी काजी को ऐसी शर्मनाक हरकत के कारण पद से हटाया गया है। अब जल्द शहर के मौलाना तीन नामों का पैनल बनाकर वक्फ बोर्ड को देंगे तो नए काजी की नियुक्ति की जाएगी।

वक्फ बोर्ड को मिनाज मेनन द्वारा दस्तावेजों के साथ शिकायत की गई थी कि काजी ने 31 मार्च की रात को एक महिला के साथ अश्लील हरकत की है। इसके बाद इस मामले की वक्फ बोर्ड से पूरी जांच की। इस जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद शहर के सभी 17 मौलाना इस बात पर एक मत हुए कि ऐसी हरकत करने वाले को पद पर रखा जाना ठीक नहीं है। सभी ने वक्फ बोर्ड को काजी को पद से हटाने के लिए हस्ताक्षर करके दिए। इसके बाद वक्फ बोर्ड ने गुरुवार को काजी को पद से हटा दिया है।

सबसे बड़ा पद
शहर काजी का पद सबसे बड़ा है। समाज से जुड़े लोगों के मुताबिक काजी के कहने से ही समाज के सारे त्यौहार तय होते हैं। ईद पर चांद दिखने के बाद काजी ही ईद का दिन तय करते हैं। ऐसे में काजी की हरकत की जानकारी होने पर समाज के लोगों में भी भारी रोष है। समाज के रोष को देखते हुए समाज की बैठक करके उसमें भी काजी को हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया और वक्फ बोर्ड को इसकी जानकारी दी गई तो वक्फ बोर्ड के आदेश निकालकर काजी को पद से हटा दिया है। अब जल्द ही नए काजी की नियुक्ति की जाएगी।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)