रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए 15 दिनों तक बंगाल में रहने की घोषणा की है। उनकी इस घोषणा के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। डिप्टी सीएम श्री शर्मा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। विजय शर्मा के साथ अन्य राज्यों के चार नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
भवानीपुर में रोड शो में शाह ने किया ऐलान
उल्लेखनीय है कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के भवानीपुर में रोड शो किया। जहां उन्होंने कहा कि, मैं अगले 15 दिन बंगाल में रहने वाला हूं। TMC को जड़ से उखाड़ फेंकने और उसे बंगाल की खाड़ी में फेंकने के लिए हर किसी को बिना किसी डर के वोट देना चाहिए। कोई भी गुंडा बंगाल के मतदाताओं को नहीं रोक सकता।
नक्सल मुक्ति के बाद शर्मा का पार्टी में बढ़ा कद
आपको बता दें कि, बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा का कद बढ़ा है। ऐसे में अमित शाह के सभाओं की जिम्मेदारी मिलना उनके बढे हुए कद को दर्शाता है। विजय शर्मा नक्सलवाद के खात्मे के दौरान काफी मुखर रहे थेकद उनकी ही अगुवाई में बस्तर में नक्सल मुक्ति का अभियान चलाया जा रहा था।
बस्तर के लिए पैकेज की घोषणा
कांग्रेस के नेता बस्तर के लिए विशेष पैकेज मांग रहे हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर के लिए पैकेज की घोषणा की है। पहले भी विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि मिली है। आगे भी बस्तर का तेजी से विकास सुनिश्चित होगा। कांग्रेसी बस्तर से नक्सलवाद का खात्मा सुन नहीं पा रहे। उन्हें बस्तर की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।