रायपुर। राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में जारी 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल स्पर्धा 2026 के द्वितीय सत्र में स्थानीय मेजबान हटकेश्वरनाथ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरबा को 2-0 से पराजित किया। शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए टीम ने दर्शकों की जोरदार तालियों के बीच अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
महिला वर्ग में राजस्थान और पुणे की दमदार जीत
महिला वर्ग के मुकाबलों में आज राजस्थान और पुणे की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच 2-0 से जीते। राजस्थान ने पहले SAI रायपुर और फिर दिल्ली को हराकर अपना दबदबा कायम रखा। टीम की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ियों ने आक्रामक स्मैश, मजबूत डिफेंस और शानदार तालमेल के दम पर दोनों मैचों को एकतरफा बना दिया। पुणे ने भी भिलाई को सीधे सेटों में 25-15 और 25-06 से हराते हुए अगले दौर में कदम बढ़ाया।
पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश की सफलता
40+ मास्टर्स श्रेणी में उत्तर प्रदेश की मजबूत और अनुभवी टीम ने मॉर्निंग क्लब रायपुर को सीधे सेटों में हराते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। अंतरराष्ट्रीय अनुभव से सजी यूपी टीम ने पूरे मैच में संयम, तकनीकी समझ और बेहतरीन कोर्ट कवरेज का प्रदर्शन किया, जिससे रायपुर की वापसी की संभावना खत्म हो गई।
महापौर मीनल चौबे का खिलाड़ियों को प्रोत्साहन
प्रतियोगिता के दौरान रायपुर की महापौर मीनल चौबे विशेष रूप से मैदान में पहुंचीं। उन्होंने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वॉलीबॉल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा की और नगर निगम द्वारा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व भारतीय कप्तान आशीष अरोरा की प्रेरणादायी उपस्थिति
आज के मुकाबलों में भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान आशीष अरोरा भी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति ने युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और खेल प्रेमियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन देश में वॉलीबॉल को नई ऊर्जा और दिशा देते हैं।
खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति
मैदान में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भीड़ देखने को मिली। पूरे परिसर में वॉलीबॉल उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जहां हर अंक पर तालियों और उत्साह का शोर गूंजता रहा।
आयोजन समिति की जानकारी
कार्यक्रम से संबंधित जानकारी हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली और वरिष्ठ सदस्य पंकज नायक ने साझा की। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मुकाबले और भी रोमांचक होंगे तथा देशभर से आई टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)