एनिशपुरी गोस्वामी - मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में नेशनल हाईवे 930 पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। ट्रक की ठोकर से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई, जिसमें 11 लोग घायल हो गए और एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया, जबकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
छट्ठी कार्यक्रम में जाने के दौरान हुआ हादसा
मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम इरागांव के पास यह हादसा दोपहर में हुआ। मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सेखुर्द से दो दर्जन ग्रामीण महिला, पुरुष और बच्चे ट्रैक्टर ट्राली से ग्राम नेडगांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान NH-930 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्राली पलटी, ट्रक चालक फरार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर ही पलट गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि, टक्कर के प्रभाव से बच्चे और महिलाएं ट्राली से गिरकर इधर-उधर जा गिरे।
राहगीरों और ग्रामीणों ने बचाई जान
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को सड़क से हटाकर पास के खेत में सुरक्षित स्थान पर ले जाया। सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एक महिला की मौत, 11 घायल और 4 की हालत गंभीर
मानपुर अस्पताल में उपचार के दौरान 26 वर्षीय दूरपत बाई उसारे, पति कमलेश उसारे की मौत हो गई। घटना में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं नोहरी बाई, बिसंतीन बाई, बृज बाई और एक युवक सुकाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। इन सभी को बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
ट्रक चालक की तलाश में पुलिस
मानपुर पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक और चालक की खोज शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही हाईवे पर लगाए गए चेकपोस्टों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।