राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी में भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने जनसंपर्क अभियान के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। 'गांव बस्ती चलो अभियान' के तहत उन्होंने अलग-अलग गांवों में पहुंचकर आम लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
जनचौपालों में शामिल हुए डिप्टी सीएम साव
इस दौरान अरुण साव कोसमतरा, घानाघाट, जूनापानी और हरनाचाका में आयोजित जनचौपालों में शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। उप मुख्यमंत्री ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का उद्देश्य
जनचौपाल के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि, सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
बुनियादी सुविधाओं का तेजी से हो रहा विकास- साव
अरुण साव ने बताया कि, क्षेत्र में सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जैसी योजनाएं ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचा रही हैं।