गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि, मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, महिंद्रा बस सवारी भरकर रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी।
हादसे के बाद लोगों में मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना केशकाल थाना क्षेत्र के मूरवेंड के पास हुई। बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। आपको यह बता दें कि, टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां सड़क से उतर कर एक ही पेड़ से जा टकराई।
घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल यात्रियों को इलाज के लिए कांकेर मेडिकल कॉलेज लाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। यह पूरी घटना केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खालेमुरवेंड के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है।
रफ्तार से आ रही बाइक डिवाइडर से टकराई
वहीं 9 अप्रैल को कोटा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रतनपुर के रैनपुर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे फॉरेस्ट विभाग में पदस्थ कर्मी अमरनाथ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमरनाथ पटेल हरदी बाजार के निवासी थे और वर्तमान में गुरसिया में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि, वे शासकीय कार्य से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, बाइक पर सवार उनका एक साथी युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)