कांकेर के माछपल्ली जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 5 लाख की इनामी महिला नक्सली रूपी रेड्डी मारी गई, मौके से हथियार और नक्सली सामग्री बरामद।

गौरव श्रीवास्तव - कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के माछपल्ली जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से वांछित 5 लाख की इनामी महिला नक्सली रूपी रेड्डी इस कार्रवाई में मारी गई। 

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों का नक्सलियों से आमना-सामना हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि एसपी निखिल राखेचा ने की है। मुठभेड़ के बाद मौके से रूपी रेड्डी का शव और ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए हैं।

लंबे समय से तलाश में थी रूपी रेड्डी
रूपी रेड्डी सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई थी। वह कई नक्सली गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा चुकी थी और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। खास बात यह है कि वह पूर्व में मारे गए 25 लाख के इनामी नक्सली विजय रेड्डी की पत्नी भी थी, जिससे उसकी पहचान और सक्रियता और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही थी।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ आमना-सामना
सुरक्षा बलों को माछपल्ली के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। नक्सलियों की ओर से फायरिंग शुरू होते ही जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। कुछ समय तक चली इस मुठभेड़ में रूपी रेड्डी मारी गई, जबकि अन्य नक्सली मौके से फरार हो गए।

इलाके में अब भी सक्रिय हैं अन्य नक्सली
पुलिस के अनुसार कांकेर के इन जंगलों में अभी भी करीब 10 नक्सलियों के सक्रिय होने की जानकारी है। इसी को देखते हुए सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है और पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है, ताकि बाकी नक्सलियों को भी जल्द पकड़ में लाया जा सके।

मौके से हथियार और सामग्री बरामद
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से ऑटोमेटिक हथियार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इन सामग्रियों के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)