जशपुर जिला अस्पताल में मेडिकल बिल पास करने के बदले रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने पर ड्रेसर किशोर कुमार चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला चिकित्सालय से रिश्वतखोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। मेडिकल बिल पास करने के एवज में पैसे लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ड्रेसर किशोर कुमार चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में पैसे लेते दिखा कर्मचारी
वायरल वीडियो में ड्रेसर किशोर चौहान को पैसे लेते और गिनते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो में वह यह भी कहते सुनाई दे रहा है कि यह रकम "साहब" को देनी है। आरोप है कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के मेडिकल बिल पास करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। यह कर्मचारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ था।

तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। आदेश के अनुसार, किशोर कुमार चौहान को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उल्लंघन और गंभीर कदाचार के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पत्थलगांव निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

9 अप्रैल को वायरल हुआ था मामला
जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आया था, जिसमें चिकित्सा प्रतिपूर्ति पास करने के बदले पैसे लेते हुए स्पष्ट दृश्य दिखाई दिए। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

प्रदेश में ACB की लगातार कार्रवाई
इधर, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में भी एसीबी की टीम ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई की थी। एक ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में 53 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। इसमें पहली किस्त 20 हजार रुपए पहले ही दी जा चुकी थी, जबकि दूसरी किस्त लेते समय एसीबी ने अकाउंटेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती बढ़ रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)