जशपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। ओडिशा से दिल्ली तक सप्लाई की साजिश का खुलासा, कार भी जब्त।

अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 112 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त किया गया है।

ओडिशा से लैलूंगा होते हुए दिल्ली तक खपाने की थी तयारी
मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से लैलूंगा होते हुए दिल्ली तक गांजा खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार फरार हो गई। 

मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद पत्थलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर पुरानी बस्ती के पास वाहन को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से यूपी के इटावा निवासी संजीव कुमार और पूना निवसी विजय पंडित को गिरफ्तार किया है। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी भाग निकला था, जिसे बाद में पुलिस ने पत्थलगांव शहर से पकड़ने में सफलता हासिल की। 

पुलिस ने जब्त किया 112 किलो गांजा और कार जब्त
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 112 किलो गांजा और कार जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है, जबकि मामले की जांच जारी है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)