धमतरी जिले के मगरलोड में शादी के चौथिया कार्यक्रम के दौरान बैंड बाजा वालों और बारातियों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। हमले में एक युवक की मौत, एक गंभीर है।

सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दरअसल, बैंड बाजा वालों और बारातियों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बीती रात चौथिया कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि, बैड बाजा से जुड़े लोगों ने बारातियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। दो अन्य घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, चौथिया कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर युवकों और बैंड बाजा वालों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।