सौम्या यादव - धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के सीतानदी रेंज में बारिश से पहले ही भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पहाड़ी इलाकों तक पहुंच गई। फायर सीजन से पहले लगी इस आग ने वन विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जंगल में लगी भीषण आग
मुख्य मार्ग घठुला से बोरई अंगिरा ऋषि पहाड़ी इलाके में सोमवार को अचानक आग भड़क उठी। आसपास के क्षेत्र में धुआं और तेज लपटें फैल गईं, जिसकी सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वन कर्मियों ने संभाला मोर्चा
सीतानदी रेंज के फॉरेस्ट गार्ड शिवा शुक्ला वन चौकीदारों और फील्ड स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। सभी मिलकर आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलती जा रही है, जिससे राहत कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
खेत की आग से पहाड़ी में फैलने की आशंका
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, पास के खेत में लगाई गई आग पहाड़ी क्षेत्र तक फैल गई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। गर्मी की शुरुआत और जंगल में सूखे पत्तों की अधिकता के कारण आग ने तेजी पकड़ ली।
फायर सीजन पर वन विभाग की निगाहें
वन विभाग के अनुसार 15 फरवरी से 15 जून तक फायर सीजन रहता है। हर वर्ष इसी अवधि में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं। इसके लिए फायर वॉचर की नियुक्ति भी 15 फरवरी से की जाती है, ताकि समय रहते आग की घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
