वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि 24 फरवरी को प्रदेश का तीसरा बजट नई थीम, नए विजन और 2047 के दीर्घकालिक विकास रोडमैप के साथ पेश किया जाएगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार 24 फरवरी को अपना तीसरा बजट पेश करने जा रही है, जिसकी जानकारी वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने दी। उन्होंने कहा कि, यह बजट नई थीम और नए विजन के साथ तैयार किया जा रहा है, जिसमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विस्तृत रणनीति शामिल होगी।
उन्होंने बताया कि, यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

2047 विज़न के अनुरूप तैयार हो रहा रोडमैप
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, सरकार ‘विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट’ की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। बजट में 2047 के लिए लॉन्ग टर्म प्लान के साथ-साथ शॉर्ट टर्म प्लानिंग का स्पष्ट रोडमैप भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल वार्षिक दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की विकास यात्रा को दिशा देने वाला मार्गदर्शक साबित होगा।

कांग्रेस के आरोपों पर वित्त मंत्री का पलटवार
बजट को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर वित्त मंत्री ने कहा कि, विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है, जबकि सरकार जमीनी स्तर पर विकास और जनकल्याण के कार्य कर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि राजीव गांधी योजना में कांग्रेस सरकार राशि चार किस्तों में देती थी, जबकि वर्तमान सरकार हर वर्ष इससे अधिक धनराशि सुनिश्चित कर रही है। 

मंत्री ने कहा, 'कांग्रेस पांच साल में जितना नहीं दे पाई, हम उससे ज्यादा दे रहे हैं। हर साल लगभग 8000 करोड़ रुपए राज्य की माता-बहनों के खातों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं। यही बात विपक्ष को पच नहीं रही।'

विकास और जनकल्याण पर सरकार का फोकस
चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का प्राथमिक लक्ष्य विकास, सुशासन और सामाजिक उत्थान है। बजट में इन्हीं क्षेत्रों को मजबूती देने के लिए नए प्रावधान और योजनाएँ शामिल की जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।