बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लखीराम ऑडिटोरियम के पास कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे और उसके दोस्तों पर चाकू से हमला। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शाम के वक्त सनसनी फ़ैल गई। दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लखीराम ऑडिटोरियम के पास चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे आदित्य और उसके दोस्तों पर चार युवकों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आदित्य अपने दोस्तों के साथ भेल खाने के लिए लखीराम ऑडिटोरियम के पास गया हुआ था। इसी दौरान पास में खड़े चार युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि, आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में एक युवक को गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य को भी हल्की चोटें आई हैं।

पुरानी रंजिश में चाकूबाजी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि, हमले की वजह पुराना विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।