वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की पहल पर भिलाई निगम ने संजय नगर खेल मैदान की नीलामी रोक दी और मैदान विकास के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित संजय नगर वार्ड-6 में प्रमुख खेल मैदान को बचाने के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बड़ा निर्णय लेते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा प्रस्तावित व्यावसायिक नीलामी प्रक्रिया को रुकवा दिया है। युवाओं की मांग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए विधायक ने मैदान के विकास पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की भी घोषणा की है।

युवाओं की गुहार पर तत्काल कार्रवाई
सुबह संजय नगर के युवाओं ने विधायक से मुलाकात कर बताया कि निगम खेल मैदान की नीलामी कर उसे व्यावसायिक लीज पर देने की तैयारी में है। एमआईसी के प्रस्ताव के बाद ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। मामले की गंभीरता समझते हुए विधायक रिकेश सेन तुरंत भिलाई निगम पहुंचे और नीलामी को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।

कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव रद्द
भिलाई नगर निगम संजय नगर तालाब के पास स्थित इस खेल मैदान को व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए नीलाम करने जा रहा था। विधायक ने स्पष्ट कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए यह एकमात्र प्रमुख खेल मैदान बचा है और इसे किसी भी कीमत पर व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं दिया जाएगा।

पहले भी मैदान बिके, अब नहीं होगी गलती
विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में दक्षिण गंगोत्री सर्कस ग्राउंड जैसी महत्वपूर्ण भूमि बेच दिए जाने से शहर में खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बड़े आयोजनों के लिए जगहें खत्म होती जा रही हैं। उन्होंने कहा, 'संजय नगर के साथ ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी।'

1 करोड़ से होगा मैदान का कायाकल्प
विधायक रिकेश सेन ने घोषणा की कि मैदान के विकास, बाउंड्री वॉल निर्माण और खिलाड़ियों की आधुनिक सुविधाओं के लिए विधायक निधि/प्रशासनिक मद से 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस फैसले से युवाओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह की लहर है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
युवाओं ने बताया कि, कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि विधायक के निर्देश पर मैदान में कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इस पर विधायक ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग से तत्काल चर्चा करते हुए ऐसे लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।