बलौदा बाजार के व्यस्त गार्डन चौक में पुलिस ने 360° कैमरों से लैस हाईटेक ट्रैफिक बूथ का शुभारंभ किया, जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था और निगरानी और मजबूत होगी।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिला पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर के सबसे व्यस्त गार्डन चौक में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक ट्रैफिक बूथ का शुभारंभ किया गया, जो आने वाले दिनों में ट्रैफिक मॉनिटरिंग को नई दिशा देगा।

360° कैमरों से होगी चौक की पूरी निगरानी
इस आधुनिक ट्रैफिक बूथ में 360 डिग्री एंगल वाले हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे सीधे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) से जुड़े हुए हैं, जिसके जरिए चौक से गुजरने वाले वाहनों और गतिविधियों पर हर समय पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।

अधिकारीगण ने किया शुभारंभ
बूथ का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमसागर सिदार, डीएसपी अपूर्वा छत्री, कोतवाली निरीक्षक लखेश केवट, एवं यातायात उप निरीक्षक प्रीयेश जान द्वारा किया गया। अधिकारियों ने मौके पर बूथ की सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

ट्रैफिक व्यवस्था होगी और सख्त व सुचारू
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि इस हाईटेक सिस्टम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान तुरंत की जा सकेगी, जिससे कार्रवाई तेज और प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल शहर में सुरक्षित, सुगम और पारदर्शी यातायात प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शहरवासियों को मिलेगा बेहतर यातायात का लाभ
गार्डन चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्र में लगे इस बूथ से ट्रैफिक व्यवस्था में सख्ती आने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सुरक्षित और बिना बाधा के यातायात की सुविधा मिलेगी। पुलिस का मानना है कि हाईटेक तकनीक से जाम, नियम उल्लंघन और दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)