अंबिकापुर जिले में महिला हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ लोगों ने आज सड़कों पर उतरकर कैंडल मार्च निकाला। वहीं आईजी ने 30 हजार रूपये इनाम की घोषणा की है। 

संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में महिला हत्याकांड को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ लोगों ने आज सड़कों पर उतरकर कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में आम नागरिकों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। वहीं आईजी ने 30 हजार रूपये इनाम की घोषणा की है। 

अंबिकापुर के महामाया द्वार इलाके में 3 अप्रैल की रात हुई महिला की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं। इसी के विरोध में मंगलवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने ‘महिला सुरक्षा सत्याग्रह’ के तहत घड़ी चौक से कैंडल मार्च निकाला। 

लोगों ने मृतका को दी श्रद्धांजलि 
हाथों में मोमबत्तियाँ और इंसाफ की मांग वाली तख्तियां लिए लोग सड़कों पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए घटनास्थल महामाया द्वार पहुंचा, जहां लोगों ने मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। 

IG ने की इनाम की घोषणा 
सरगुजा रेंज IG दीपक कुमार झा ने अज्ञात आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 30 हाजर रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। जबकि पुलिस अधीक्षक ने इसके पहले आरोपी का पता बताने वाले को 5 हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने घटना को लेकर अंबिकापुर में जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वही अबतक पुलिस के हाथ खाली है।

एएसपी ने दी जानकारी 
एडिशनल एसपी अमोलक सिंह डिल्लो ने कहा कि, पुलिस प्रशासन पर भी मामले को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है। पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। फरार आरोपी की सूचना देने वाले को 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।