Bihar New Chief Minister: बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल आने वाला है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। बिहार के सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि उनके नाम पर शीर्ष नेतृत्व ने मुहर लगा दी है। अगर ऐसा होता है, तो यह बिहार बीजेपी के लिए एक बड़े युग की शुरुआत होगी।
15 अप्रैल को राजभवन में होगा शपथ ग्रहण
बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को पटना के राजभवन स्थित लोक भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री 14 अप्रैल की रात को ही पटना पहुंच सकते हैं और वहीं प्रवास करेंगे।
कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार
पॉलिटिकल अपडेट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई है। इस बैठक के तुरंत बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब राज्य में नई एनडीए (NDA) सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
सम्राट चौधरी ही क्यों हैं पहली पसंद?
सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। कोयरी समाज से आने वाले चौधरी की ओबीसी (OBC) वोट बैंक पर मजबूत पकड़ है। साल 2023 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था और एक साल बाद वे डिप्टी सीएम बने। बीजेपी उन्हें आगे कर राज्य के सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश कर रही है।
शिवराज सिंह चौहान चुनेंगे नया नेता
बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनकी मौजूदगी में एनडीए विधायकों की अहम बैठक होगी, जिसमें औपचारिक रूप से नए नेता का चुनाव किया जाएगा। सभी विधायकों को अगले दो दिनों तक पटना में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।