बिहार के मुजफ्फरपुर में 17 से 28 फरवरी तक अग्निवीर बहाली रैली आयोजित होगी। इसमें पटना और मुजफ्फरपुर सहित 15 जिलों के 7040 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जानें एडमिट कार्ड और जरूरी नियम।

Agniveer Recruitment 2026: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित चक्कर मैदान में मंगलवार, 17 फरवरी से अग्निवीर बहाली की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह रैली 28 फरवरी तक चलेगी, जिसमें अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता (Physical Test) और मेडिकल जांच की जाएगी।

इस बार खास बात यह है कि चक्कर मैदान में मुजफ्फरपुर भर्ती कार्यालय के साथ-साथ दानापुर भर्ती कार्यालय की भी बहाली हो रही है। इसमें मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, वैशाली और गोपालगंज सहित कुल 15 जिलों के 7040 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

दो श्रेणियों के लिए एक ही बार होगा टेस्ट
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस बार नियमों में एक बड़ा बदलाव किया गया है। अगर किसी अभ्यर्थी ने दो अलग-अलग श्रेणियों के लिए आवेदन किया है, तो भी उसे केवल एक ही बार शारीरिक और मेडिकल जांच से गुजरना होगा।

भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थी से उनका अंतिम विकल्प पूछा जाएगा कि वे किस श्रेणी में सेवा देना चाहते हैं। एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

आज शाम से शुरू होगी एंट्री
बहाली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का पहुंचना सोमवार दोपहर से ही शुरू हो जाएगा। चक्कर मैदान में सोमवार शाम से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा ताकि मंगलवार सुबह 5 बजे से प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू की जा सके।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के रुकने और सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध करने का दावा किया है। रैली में जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) के पदों पर भर्ती की जाएगी।

मुजफ्फरपुर भर्ती बोर्ड का जिलावार शेड्यूल
भर्ती रैली में अलग-अलग जिलों के लिए तारीखें निर्धारित की गई हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। शेड्यूल कुछ इस प्रकार है:

जिला बहाली की तारीख
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) 17 फरवरी
दरभंगा और समस्तीपुर 18 फरवरी
पश्चिम चंपारण (बेतिया) और सीतामढी 19 फरवरी
मधुबनी, मुजफ्फरपुर और शिवहर 20 फरवरी