बिहार के दरभंगा में बदमाशों ने एक टेलर मास्टर की घर के बाहर बुलाकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए भाई और मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Darbhanga Crime News: बिहार के दरभंगा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने रविवार को एक टेलर मास्टर की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना सिमरी थाना क्षेत्र के मनिहास गांव की है। बदमाशों ने पहले युवक को उसके घर से बाहर बुलाया और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के कई अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पड़ोसी गांव के बदमाशों ने किया हमला
मृतक की पहचान 27 वर्षीय जहांगीर आलम के रूप में हुई है, जो पेशे से टेलर मास्टर थे। परिजनों के अनुसार, दिन में किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। देर शाम पड़ोसी गांव बसतवाड़ा से आधा दर्जन से अधिक लोग हॉकी स्टिक, डंडे और घातक हथियारों के साथ जहांगीर के घर पहुंचे। बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।

बचाने आए परिजनों को भी नहीं बख्शा
जब हमलावर जहांगीर पर हमला कर रहे थे, तो उसे बचाने के लिए उसका भाई फरमूद आलम और चचेरा भाई दस्तगीर आलम आगे आए। बदमाशों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान जहांगीर की मां कौशर खातून ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच (DMCH) भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बसतवाड़ा निवासी मो. आदिल को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम भी बुलाई गई है जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।