बिहार के बांका जिले के इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र-छात्रा को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने पर भारी बवाल। आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में किया हंगामा, कॉलेज प्रशासन ने दोनों को निकाला।

Banka News: बिहार के बांका जिले के लकड़ीकोला स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार, 10 अप्रैल को उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज परिसर के अंदर एक छात्र और छात्रा को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। इस घटना की खबर मिलते ही कॉलेज के अन्य छात्र आक्रोशित हो गए और कैंपस में जमकर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल को मौके पर पहुंचना पड़ा।

क्लास के दौरान रंगे हाथ पकड़े गए छात्र-छात्रा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कॉलेज में कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान कुछ छात्रों की नजर एक क्लासरूम पर पड़ी, जहां एक छात्र और छात्रा संदिग्ध स्थिति में थे। देखते ही देखते यह बात पूरे कॉलेज में फैल गई। छात्रों का आरोप है कि इस तरह की हरकत से शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और अनुशासन को ठेस पहुंची है। इस बात से नाराज सैकड़ों छात्र प्रशासनिक भवन के पास जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे।

कैंपस गेट पर जड़ा ताला, छावनी में तब्दील हुआ कॉलेज
हंगामा बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर एसडीएम राजकुमार और एसडीपीओ अमर विश्वास भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन और उग्र हो गया। शाम के समय कुछ छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे कई अधिकारी और कर्मचारी परिसर के अंदर ही फंस गए। करीब आधे घंटे तक कॉलेज परिसर पुलिस छावनी बना रहा।

कॉलेज से छात्र और छात्रा तत्काल निष्कासित
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य मो. शहबरुद्दीन अहमद ने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि अनुशासनहीनता के आरोप में संबंधित छात्र और छात्रा को तत्काल प्रभाव से कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है। छात्रा को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। वहीं, मामले की जांच और पूछताछ के लिए पुलिस आरोपी छात्र सहित चार अन्य छात्रों को अपने साथ ले गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी
एसडीएम राजकुमार ने कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिया है कि पूरी घटना की गहन जांच की जाए और जो भी दोषी पाया जाए, उस पर कड़ी कार्रवाई हो। प्राचार्य ने छात्रों के गुस्से को देखते हुए शनिवार को एक संयुक्त बैठक बुलाई है, ताकि कैंपस के माहौल को फिर से सामान्य किया जा सके। फिलहाल कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।