तेजिंदर ने भारत को दिलाया 7वां स्वर्ण पदक, जानिए अबतक भारत को किस-किस ने दिलाए मेडल
शाटपुट एथलीट तेजिंदरपाल सिंह तूर के रिकार्ड प्रदर्शन से हासिल किये गये स्वर्ण पदक से भारत ने एथलेटिक्स अभियान की बेहतरीन शुरूआत की, इस सोने के तमगे और स्क्वाश में तीन एकल कांस्य पदकों ने 18वें एशियाई खेलों के नीरस दिन को देश के लिये शानदार बना दिया। पदक तालिका में भारत सात स्वर्ण, पांच रजत और 17 कांस्य पदकों से आठवें स्थान पर बना हुआ है।

X
टीम डिजिटल/हरिभूमि, दिल्लीCreated On: 26 Aug 2018 7:00 AM GMT
शाटपुट एथलीट तेजिंदरपाल सिंह तूर के रिकार्ड प्रदर्शन से हासिल किये गये स्वर्ण पदक से भारत ने एथलेटिक्स अभियान की बेहतरीन शुरूआत की, इस सोने के तमगे और स्क्वाश में तीन एकल कांस्य पदकों ने 18वें एशियाई खेलों के नीरस दिन को देश के लिये शानदार बना दिया। पदक तालिका में भारत सात स्वर्ण, पांच रजत और 17 कांस्य पदकों से आठवें स्थान पर बना हुआ है।
तेजिंदर प्रबल दावेदारों में शुमार थे, उन्होंने उम्मीद के अनुरूप खेलों और राष्ट्रीय रिकार्ड प्रदर्शन से शीर्ष स्थान हासिल किया। तेईस वर्षीय एथलीट ने 20.75 मीटर से छह साल पुराने 20.69 मीटर के राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ा जो ओम प्रकाश करहाना के नाम था।
एथलेटिक्स अभियान की शुरूआत काफी अच्छी रही जिसमें पदक के उम्मीदवार मोहम्मद अनस (पुरूष 400 मीटर), अरोकिया राजीव (पुरूष 400 मीटर), हिमा दास (महिला 400 मीटर), निर्मला शेरॉन (महिला 400 मीटर) ने हीट्स और सेमीफाइनल रेस में शानदार प्रदर्शन से फाइनल्स के लिये क्वालीफाई किया। दुती चंद (महिलाओं की 100 मीटर) ने भी अपनी हीट में पहला स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
स्क्वाश खिलाड़ियों का अभियान हालांकि सेमीफाइनल चरण में ही समाप्त हो गया जो तीन कांस्य पदक हासिल करने के लिये काफी था। पदकों की संख्या में यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। सौरव घोषाल ने पिछली बार रजत पदक जीता था। उन्होंने, जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल कार्तिक ने अपनी स्पर्धाओं के अंतिम चार मैच गंवा दिये। दीपिका गत चैम्पियन निकोल डेविड से जबकि जोशना सिवासांगरी सुब्रमण्यम से हार गयीं।
शीर्ष वरीय घोषाल को हांगकांग के चुन मिंग अयू से पराजय मिली। वहीं पदार्पण करने वाले खेल ब्रिज में भी भारत के लिये अच्छी खबर रही, जिसमें देश ने पुरूष टीम और मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक पक्के किये। दोनों टीमों ने अपनी अपनी स्पर्धाओं में सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
क्वालीफिकेशन में पुरूष टीम चौथे जबकि मिश्रित टीम शीर्ष स्थान पर काबिज थी। महिला हाकी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गत चैम्पियन दक्षिण कोरिया पर 4-1 की जीत से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गुरजीत कौर ने दो पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील किया।
बैडमिंटन में शीर्ष शटलर पीवी सिंधू और साइना नेहवाल ने महिला एकल क्वार्टरफाइनल में जगह सुनिश्चित की। ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप रजत पदकधारी सिंधू ने स्थानीय प्रबल दावेदार और दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी ग्रेगोरिया मरिस्का तुनजुंग को 21-12 21-15 से जबकि राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदकधारी साइना ने प्रबल दावेदार फितरियानी को 21-6 21-14 से मात दी।
निशानेबाजी में आज भारत को जश्न मनाने का मौका नहीं मिला जिसमें 15 साल के राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी अनीष भानवाला उम्मीदों के अनुरूप पुरूष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में नाकाम रहे।
मुक्केबाजी में 31 वर्षीय पवित्रा (60 किग्रा) पाकिस्तान की रूखसाना परवीन को एक राउंड में हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंची। तीरंदाजी में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। पुरूष और महिला रिकर्व टीम तीरंदाज फिर से खेलों से खाली हाथ लौटेंगे। दोनों टीमें क्वार्टरफाइनल में बाहर हो गयीं। देश के भारोत्तोलकों का हाल भी यही रहा।
राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदकधारी विकास ठाकुर पुरूष 94 किग्रा वर्ग में 335 किग्रा वजन उठाकर आठवें स्थान पर रहे। गोल्फ में भी पदक की उम्मीद को झटका लगा, सभी चारों गोल्फरों ने तीसरे दौर में ओवर पार का स्कोर बनाया। भारत इससे दूसरे स्थान से खिसककर संयुक्त रूप पांचवें स्थान पर पहुंच गया।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
Next Story