बैडमिंटन संघ अध्यक्ष के निधन पर पीएम समेत कई ने जताया शोक
भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता का दिल का दौरा पडने से लखनऊ में निधन हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने आज भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता के आकस्मिक निधन पर शोक जताया। अखिलेश दास गुप्ता का दिल का दौरा पडने से लखनऊ में निधन हो गया ।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा 'पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री श्री अखिलेश दास के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में उनका सक्रिय योगदान याद रखा जायेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे'।
खेलमंत्री विजय गोयल और शीर्ष बैडमिंटन खिलाडियों साइना नेहवाल तथा ज्वाला गुट्टा ने भी ट्विटर पर शोक जताया। गोयल ने ट्वीट किया 'भारतीय बैडमिंटन संघ अध्यक्ष अखिलेश दास के अचानक निधन से स्तब्ध हूं। वह बेहतरीन प्रशासक थे। उनके परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना'।
साइना ने लिखा 'यह अविश्वसनीय है। हमारे प्यारे बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अब नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे'। ज्वाला ने लिखा 'हमारे बैडमिंटन अध्यक्ष के परिवार को मेरी सांत्वना'।
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा 'हमारे लिये यह काफी दुख का दिन है। आईओए परिवार की ओर से मैं उनके परिवार को सांत्वना देता हूं। ईश्वर संकट की इस घडी में उन्हें शक्ति दे।'
राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप ने लिखा ' मैं स्तब्ध और दुखी हूं। उनके परिवार को मेरी सांत्वना। ईश्वर हमारे प्रिय अध्यक्ष की आत्मा को शांति दे।'
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने लिखा 'डाक्टर गुप्ता का जाना भारतीय खेलों के लिये बड़ा नुकसान है। बैडमिंटन के लिये उनके योगदान को हमेशा याद रखा जायेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे'।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App