Paris Olympics 2024 के लिए उत्तर प्रदेश ने कसी कमर, इन दो खेलों को गोद लेगी योगी सरकार, हर गांव में बनाएंगे खेल मैदान
उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी से पेरिस ओलंपिक की तैयारियां शुरु कर दी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो खेलों को गोद लिया है।

Paris Olympics के लिए योगी सरकार दो खेलों को लेगी गोद।
खेल। टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब पूरा देश और सभी राज्य खेलों को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा देने की तैयारियों में जुट गए हैं। टोक्यो में 7 पदक जीतने के बाद अब खिलाड़ियों ने 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक (2024 Paris Olympics) के लिए कमर कस ली है। देश की कई राज्य सरकारें खिलाड़ियों को हर तरह की मदद करने का आश्वासन दे चुकीं हैं। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार (UP Goverment) ने अभी से पेरिस ओलंपिक की तैयारियां शुरु कर दी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Cm Yogi Adityanath) ने दो खेलों को गोद लिया है, इसमे से एक है कुश्ती और दो का फिलहाल नाम तय नहीं हुआ है।
दरअसल गुरुवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टोक्यो के पदकवीरों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान सीएम योगी ने खेलों को लेकर घोषणा की। बता दें कि सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार कुश्ती समेत दो खेलों को गोद लेगी। साथ ही उन्होंने हर गांव में कम से कम एक खेल मैदान बनाने की भी बात कही।
इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार हर गांव में एक खेल मैदान का निर्माण करेगी। वहीं मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। जबकि सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर एक खेल विश्वविद्यालय स्थापित करेगी। यही नहीं योगी सरकार खेल कॉलेज में खिलाड़ियों की आहार धनराशि को भारतीय खेल प्राधिकरण की तर्ज पर बढ़ाने जा रही है। पहले खिलाड़ियों को आहार धनराशि 250 रुपए मिलती थी जो कि अब 275 रुपए प्रतिदिन मिलेगी।
वहीं सीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अबतक के ओलंपिक इतिहास में भारत को सबसे ज्यादा पदक मिले हैं जो कि कभी ना भूलने वाला पल है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे लिए ये गर्व की बात है कि भारत ने टोक्यो ओलंपिक के 18 खेलों में प्रतिस्पर्धा की जिसमें एक गोल्ड, दो सिल्वर और चार कांस्य पदक जीते। वहीं टोक्यो ओलंपिक मे उत्तर प्रदेश से भी 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।