Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

अरबों में बिकेंगे ये खिलाड़ी, होने जा रही है वर्ल्ड रिकॉर्ड डील

ये एक विश्व रिकॉर्ड डील होगी और खबरों के मुताबिक नेमार ने इसके लिए हां भी कर दी है।

अरबों में बिकेंगे ये खिलाड़ी, होने जा रही है वर्ल्ड रिकॉर्ड डील
X

हाल में भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की सालाना कमाई को देखते हुए उन्हें फोर्ब्स की टॉप-100 सबसे अमीर खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली थी।

धोनी की सालाना कमाई 28.7 मिलियन डॉलर (तकरीबन 2 अरब रुपए) बताई गई है वहीं उनके क्रिकेट क्लब में बदलाव की तो कहीं चर्चा तक नहीं हुई।

अब एक ऐसा रिकॉर्ड सामने आ रहा है जो धोनी तो दूर, दुनिया के तमाम खेलों के कई खिलाड़ियों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ सकता है।

इसे भी पढ़े:- फिक्सिंग के साय में आया विबंलडन 2017, होगी तीन मैचों की जांच

फुटबॉल व बॉक्सिंग की कमाई और फुटबॉलर्स के एक से दूसरे क्लब में आने-जाने का सफर दशकों से खेल इतिहास के सबसे महंगे सौदों में शुमार रहा है।

चार साल पहले टोटेनहेम स्पर क्लब से खेलने वाले वेल्स के फुटबॉलर गेरेथ बेल को 100 मिलियन यूरो (तकरीबन 7.5 अरब रुपए) में स्पेनिश फुटबॉल क्लब रीयल मैड्रिड ने खरीदा तो दुनिया में खलबली मच गई। वो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड था।

इसके बाद पिछले साल मैनेचेस्टर युनाइटेड ने फ्रेंच फुटबॉलर पॉल पोग्बा को इटली के क्लब जुवेंटस से 105 मिलियन यूरो (तकरीबन 8 अरब रुपए) में खरीदकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।

अब ये रिकॉर्ड भी टूटने जा रहा है। खबरें पक्की हो गई हैं कि स्पेनिश क्लब बार्सिलोना से खेलने वाले ब्राजील के नेमार जूनियर को फ्रेंच फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) 196 मिलियन पाउंड (तकरीबन 16.5 अरब रुपए) में खरीदने जा रहा है।

ये एक विश्व रिकॉर्ड डील होगी और खबरों के मुताबिक नेमार ने इसके लिए हां भी कर दी है। बस आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

इसे भी पढ़े:- भारतीय फुटबाल टीम के कोच लुई नोर्टन डि माटोस ने कहा- विश्वकप में संभानाएं कम, लेकिन चुनौती पेश करेंगे

हर हफ्ते मिलेंगे इतने रुपए

ये करार जैसे ही फाइनल होगा नेमार हर हफ्ते एक बड़ी रकम अपनी सैलरी के तौर हासिल करने लगेंगे। नेमार को पेरिस सेंट-जर्मेन हर हफ्ते 5,96,000 पाउंड (तकरीबन 5 करोड़ रुपए) सैलरी देगा।

दरअसल, पेरिस सेंट-जर्मेन यूरोपियन फुटबॉल में सबसे बड़ी ताकत बनना चाहता है और इसके इरादे वो पहले भी जाहिर कर चुका है लेकिन सबसे दिलचस्प बात ये है कि वो इसके लिए ब्राजीली खिलाड़ियों को सहारा बना रहा है।

फिलहाल पीएसजी के पास थियागो सिल्वा, दानी एल्वेस, मारक्विनहोस और लुकास मोरा जैसे धुरंधर ब्राजीली खिलाड़ी मौजूद हैं।

कौन है नेमार जूनियर

नाम- नेमार डा सिल्वा सांटोस जूनियर। जन्म- 5 फरवरी 1992 (मोगी क्रूजेस, ब्राजील)। कद- 5 फीट 9 इंच। मैदान पर भूमिका- फॉरवर्ड। टीम- ब्राजील और बार्सिलोना। गोल- क्लब फुटबॉल में 122 गोल, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 52 गोल।

नेमार के पिता सांटोस सीनियर एक पेशेवर फुटबॉलर और ट्रेनर थे। बचपन से उन्होंने अपने बेटे को ट्रेनिंग दी और देखते-देखते नेमार स्ट्रीट फुटबॉल और फुटसाल में अपनी पहचान बनाने लगे।

11 साल की उम्र में एफसी सांतोस क्लब में शामिल हुए और 17 की उम्र में सांतोस ने उन्हें पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया। सांतोस की तरफ से करियर में 54 गोल करके चर्चा में आए और अगले साल (2009) ब्राजील की राष्ट्रीय टीम में शामिल हो गए।

फिर 2013 में बार्सिलोना ने उन्हें 76 मिलियन डॉलर में खरीदा। 2014 फीफा विश्व कप में वो चर्चा का विषय रहे, चार गोल भी किए लेकिन क्वार्टर फाइनल में चोटिल होकर बाहर हो गए।

ब्राजील उनकी गैरमौजूदगी में जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल हार गई। वो 2011 में वर्ल्ड सॉकर यंग प्लेयर ऑफ द इयर का अवॉर्ड जीत चुके हैं। नेमार का अपनी पिछली गर्लफ्रेंड केरोलीना दंतास से एक बेटा भी है जिसका नाम डावी लुका है।

ये हैं अब तक के 5 सबसे बड़े कीमती खिलाड़ी

1. पॉल पोग्बा (फ्रांस) - 2016 में जुवेंटस से मैनचेस्टर युनाइटेड - 105 मिलियन यूरो (तकरीबन 8 अरब रुपए)

2. गेरेथ बेल (वेल्स) - 2013 में टोटेनहेम स्पर से रीयल मैड्रिड - 100 मिलियन यूरो (तकरीबन 7.5 अरब रुपए)

3. क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पुर्तगाल) - 2009 में मैनचेस्टर युनाइटेड से रीयल मैड्रिड - 94 मिलियन यूरो (तकरीबन 7 अरब रुपए)

4. गोंजालो हिगुएन (अर्जेंटीना) - 2016 में नेपोली से जुवेंटस - 90 मिलियन यूरो (तकरीबन 6.7 अरब रुपए)

5. रोमेलू लुकाकू (बेल्जियम) - 2017 में एवर्टन से मैनचेस्टर युनाइटेड - 85 मिलियन यूरो (तकरीबन 6.3 अरब रुपए)

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story