कप्तान सुनील छेत्री ने की मेस्सी की बराबरी, भारत बना चैंपियन
कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की बदौलत भारत ने रविवार को मुंबई फुटबॉल एरेना में फाइनल में कीनिया को 2-0 से हराकर इंटरकांटिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।

कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की बदौलत भारत ने रविवार को मुंबई फुटबॉल एरेना में फाइनल में कीनिया को 2-0 से हराकर इंटरकांटिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। छेत्री इसके साथ ही सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों की सूची में अर्जेन्टीना के महान खिलाड़ी लियोनल मेस्सी के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम पर अब 64 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।
छेत्री ने आठवें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई और फिर 29वें मिनट में एक और गोल दागकर मेस्सी की बराबरी कर ली। अपने 102वें अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 33 साल के छेत्री से अधिक गोल सक्रिय खिलाड़ियों में सिर्फ पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किए हैं। उनके नाम पर 150 मैचों में 81 गोल दर्ज हैं।
छेत्री और मेस्सी हालांकि सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर हैं। इनसे ऊपर आईवोरी कोस्ट के दिदिएर ड्रोग्बा (104 मैच में 65 गोल) हैं। तैंतीस साल के छेत्री का यह 102वां मैच है और इस मैच से पहले उनके नाम 62 अंतरराष्ट्रीय गोल थे।
भारत ने यूएई में 2019 में होने वाले एशियाई कप की तैयारी के मकसद से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया था और इस प्रतियोगिता में उसकी खिताब जीत दर्शाती है कि छेत्री और उनकी टीम की तैयारी सही राह पर हैं।
4 मैचों में यह 8वां गोल
भारत को पहला बड़ा मौका सातवें मिनट में मिला जब कीनिया के बर्नार्ड ओगिंगा के फाउल के कारण मेजबान टीम को फ्री किक मिली। अनिरुद्ध थापा की फ्री किक सीधे कप्तान सुनील छेत्री के पास पहुंची जिन्होंने इसे गोल में पहुंचाकर भारत को आठवें मिनट में 1-0 से आगे कर दिया। छेत्री ने 29वें मिनट में एक और गोल दागकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। छेत्री का मौजूद टूर्नामेंट के चार मैचों में यह आठवां गोल था।
-
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App