एशियाई खेल: भारतीय महिलाओं ने मालदीव को रौंदा, फुटबॉल स्पर्धा में दी 15-0 से करारी मात
फुटबाल प्रतियोगिता एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह से एक हफ्ते पहले शुरू हो गयी है।

इंचियोन. भारतीय महिला फुटबाल टीम ने एशियाई खेलों से पहले हुई घटनाओं को भूलकर रविवार को यहां मालदीव को 15-0 से हराकर अपने अभियान की शुरूआत शानदार तरीके से की। विंगर सस्मिता मलिक और मिडफील्डर कमला देवी ने पांच पांच गोल दागे जबकि स्ट्राइकर बाला देवी ने दो गोल किये। कप्तान बेमबेम देवी, स्ट्राइकर प्रमेश्वरी देवी और डिफेंडर आशालता देवी ने भी ग्रुप ए के पूरी तरह से एकतरफा मुकाबले में एक एक गोल दागे। रविवार की जीत से भारत लगभग महिला फुटबाल प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया है।
फुटबाल प्रतियोगिता एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह से एक हफ्ते पहले शुरू हो गयी है। भारतीय महिला टीम अब 17 सितंबर को दक्षिण कोरिया और ग्रुप के अंतिम मैच में 19 सितंबर को थाईलैंड से भिड़ेगी। चार टीम के ग्रुप ए से तीन टीमें क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। मालदीव की टीम भारतीय गोल में एक भी शाट नहीं लगा सकी। भारतीय टीम ने पहले हाफ तक 9-0 से बढ़त बना ली थी।
उन्होंने मैच शुरू होते ही अपना दबदबा बना लिया और इसे पूरे मैच तक कायम रखा जबकि मालदीव की टीम ने आसानी से घुटने टेक दिये। भारत ने पांचवें मिनट में सस्मिता के बेमबेम के पास पर किये गोल से खाता खोला और कप्तान ने मैच खत्म होने तक लगभग सभी गोलों में अहम भूमिका अदा की।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App