FIFA World Cup 2018: उरूग्वे से मुकाबले से पहले सलाह की चोट बनी मिस्र का सरदर्द

स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह की फिटनेस मिस्र के लिये उरूग्वे के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले फीफा विश्व कप 2018 के मैच से पहले चिंता का विषय बनी हुई है हालांकि प्रतिद्वंद्वी टीम को भी उम्मीद है कि लिवरपूल की तरफ से खेलने वाला यह दिग्गज रूस में चल रहे फुटबाल महासमर में अपनी भूमिका निभा सकता है।
मिस्र का यह सुपरस्टार कंधे की चोट से उबर रहा है। सलाह ग्रुप ए में मिस्र की उम्मीदों के लिये बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रुप ए को विश्व कप का सबसे कमजोर ग्रुप माना जा रहा है और इसलिए मिस्र को नाकआउट में पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इस ग्रुप में मेजबान रूस और सऊदी अरब भी शामिल हैं।
मिस्र और उरूग्वे को विश्व कप का छुपा रूस्तम माना जा रहा है। ये दोनों टीमें एकातेरिनबर्ग में टूर्नामेंट के दूसरे मैच में आमने सामने होंगी। सलाह मैच के दिन ही अपना 26वां जन्मदिन मनाएंगे लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर अब भी संदेह बना हुआ है।
उन्होंने हालांकि बुधवार को ग्रोज्नी बेस में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेकर दस करोड़ मिस्रवासियों में उम्मीद की किरण जगायी। वह 26 मई को लिवरपूल की चैंपियन्स लीग फाइनल में रीयाल मैड्रिड के हाथों हार के बाद से ही कंधे की चोट के कारण बाहर है।
उन्होंने अपनी टीम के साथियों के साथ अभ्यास सत्र के दौरान कसरत की लेकिन मिस्र अब भी उनके खेलने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। मिस्र के टीम निदेशक इहाब लाहिता ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उनकी प्रगति बहुत अच्छी है लेकिन वह खेलेंगे या नहीं इसपर फैसला नहीं किया गया है। हम प्रतिदिन उनकी प्रगति पर नजर रखे हुए हैं।
माना जा रहा है कि मिस्र के 62 वर्षीय अर्जेंटीनी कोच हेक्टर कपर चाहते हैं कि सलाह मैदान पर उतरने से पहले पूर्ण अभ्यास सत्र में भाग लें। अभी की स्थितियों को देखकर लग रहा है कि इस सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सलाह को उरूग्वे के खिलाफ बाहर बैठना पड़ेगा।
उरूग्वे की टीम में लुई सुआरेज और एडिनसन कवानी जैसे स्ट्राइकर है और जबकि सलाह भी फिट नहीं है तब मिस्र को इस दक्षिण अमेरिकी टीम की चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा। कपर ने हालांकि इस बात को नकार दिया कि मिस्र की टीम एक खिलाड़ी पर जरूरत से ज्यादा निर्भर है लेकिन इस सत्र में लिवरपूल की तरफ से सभी टूर्नामेंटों में 44 गोल करने वलो सलाह की चोट स्वदेश में राष्ट्रीय चिंता का विषय बनी हुई है।
सलाह को अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और ब्राजील के नेमार के साथ बैलन डिओर का दावेदार माना जा रहा है। मिस्र की तरह उरूग्वे को भी उम्मीद है कि सलाह उसके खिलाफ मैच में उतरेंगे। उरूग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा ने कहा- मैं चाहता हूं कि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेले। मैं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करता हूं और चाहता हूं कि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेले।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App