सऊदी अरब के जेद्दा में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और सऊदी फेडरेशन में बातचीत जारी। भविष्य में PSL के मुकाबले वहां कराने की योजना, प्रोजेक्ट को PCB की मंजूरी मिल चुकी। इस पहल से UAE को चुनौती मिल सकती है और सऊदी क्रिकेट का नया हब बन सकता है।

सऊदी अरब में क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा सकता। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और सऊदी अरब क्रिकेट फेडरेशन के बीच जेद्दा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने को लेकर बातचीत जारी है। अगर यह योजना आगे बढ़ती है, तो भविष्य में पाकिस्तान सुपर लीग के मुकाबले भी सऊदी अरब में खेले जा सकते।

सूत्रों के अनुसार, PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी इस प्रोजेक्ट को लेकर सऊदी अधिकारियों से चर्चा कर रहे। पीसीबी की गवर्निंग बॉडी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी और सऊदी क्रिकेट फेडरेशन को इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट भी भेजा जा चुका। हालांकि अभी अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं और स्टेडियम की लोकेशन भी तय नहीं की गई है।

प्रस्तावित स्टेडियम में फ्लडलाइट्स समेत अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए जरूरी सभी सुविधाएं होंगी। PCB की योजना है कि भविष्य में पाकिस्तान सुपर लीग के कुछ मुकाबले यहां आयोजित किए जाएं। PCB का मानना है कि इससे न सिर्फ क्रिकेट को नए बाजार मिलेंगे, बल्कि सऊदी अरब में बसे बड़ी संख्या में पाकिस्तानी और दक्षिण एशियाई प्रवासियों को भी क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा।

दिलचस्प बात यह है कि इस प्रोजेक्ट की पहल सऊदी अरब की तरफ से हुई है। सऊदी अधिकारी अपने देश में खेल इकोनॉमी को मजबूत करना चाहते हैं और इसी दिशा में ग्रैंड स्लैम स्टाइल का क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू करने की भी योजना बना रहे हैं। इस पहल से सऊदी अरब क्रिकेट के नए केंद्र के रूप में उभर सकता है।

हालांकि यह योजना अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन अगर यह सफल होती है तो सऊदी अरब सीधे तौर पर यूएई को चुनौती देगा। यूएई पहले से ही दुबई, अबू धाबी और शारजाह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के जरिए कई बड़े टूर्नामेंट होस्ट करता रहा। आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2021 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जैसे बड़े इवेंट्स वहां आयोजित हो चुके।

इसके अलावा, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और PSL के मुकाबले भी UAE में कराए जा चुके हैं। वहां आईएलटी20 जैसी अपनी फ्रेंचाइजी लीग भी है, जो लगातार लोकप्रिय हो रही है। कुल मिलाकर, अगर जेद्दा में स्टेडियम का यह प्रोजेक्ट जमीन पर उतरता है, तो यह न सिर्फ पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा कदम होगा, बल्कि सऊदी अरब को भी वैश्विक क्रिकेट मानचित्र पर मजबूत पहचान दिला सकता है।