MS Dhoni injury update: महेंद्र सिंह धोनी चोट की वजह से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 में पिछले कुछ मुकाबलों में नहीं उतरे हैं। लेकिन, वो अब बेहतर हैं और गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में वो उतरेंगे या नहीं, इस पर अपडेट आया है।

MS Dhoni injury update: आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है कि धोनी अब मैच फिटनेस के करीब हैं और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले में उनकी वापसी संभव है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी की उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला गुरुवार सुबह लिया जाएगा। यह तय होगा कि वह टीम के साथ हैदराबाद के लिए रवाना होंगे या नहीं। फिलहाल उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया गया लेकिन उनकी रिकवरी अब अंतिम चरण में है।

धोनी हैदराबाद के खिलाफ खेल सकते
धोनी इस सीजन की शुरुआत में ही चोटिल हो गए थे। उन्हें काफ मसल में स्ट्रेन हुआ था, जिसके कारण वे पहले दो हफ्तों तक टीम से बाहर रहे। शुरुआत में उम्मीद थी कि वे 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद भी वे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे।

धोनी टीम के साथ लगातार जुड़े हुए
मैदान से दूर रहने के बावजूद धोनी टीम के साथ लगातार जुड़े रहे। वे प्रैक्टिस सेशन में सक्रिय नजर आए और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते रहे। खासकर स्पिनर नूर अहमद को उनका काफी फायदा मिला। टीम के असिस्टेंट कोच श्रीधरन श्रीराम ने बताया कि धोनी ने नेट्स में नूर के साथ लंबी बातचीत की और उन्हें लेग ब्रेक पर ज्यादा फोकस करने की सलाह दी, जिसका असर मैच में साफ दिखा।

धोनी की वापसी से सीएसके में जान आएगी
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह अपडेट इसलिए भी अहम है क्योंकि टीम अब धीरे-धीरे लय में लौटती नजर आ रही है। शुरुआती मैचों में संघर्ष के बाद चेन्नई ने लगातार दो जीत दर्ज की हैं और टीम का संतुलन बेहतर होता दिख रहा ।

अगर धोनी टीम में वापसी करते हैं, तो यह सिर्फ एक खिलाड़ी का लौटना नहीं होगा, बल्कि टीम को अनुभव, रणनीति और दबाव के क्षणों में ठहराव भी मिलेगा। उनकी मौजूदगी ड्रेसिंग रूम के माहौल को भी मजबूत करती है और युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाती है। फिलहाल, CSK मैनेजमेंट इंतजार की स्थिति में है। अंतिम फैसला फिटनेस टेस्ट के बाद ही लिया जाएगा। लेकिन इतना तय है कि धोनी की वापसी की आहट ने टीम और फैंस दोनों के उत्साह को बढ़ा दिया है।