मुंबई. आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे। टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा, ताजा हार पंजाब किंग्स के खिलाफ आई। इसी बीच, टीम के अहम गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी चिंता का कारण बनता जा रहा। बुमराह इस सीजन अब तक विकेट लेने में नाकाम रहे हैं, जिससे फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों ही परेशान हैं।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने बुमराह को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बुमराह शुरुआती मैचों में हल्की चोट (निगल) के साथ खेल रहे थे। यही वजह है कि उनकी गेंदबाजी की रफ्तार में शुरुआत में थोड़ी कमी नजर आई।
बुमराह चोट के साथ खेल रहे: जयवर्धने
जयवर्धने ने कहा, 'शुरुआत में उन्हें हल्की परेशानी थी, इसलिए हम उन्हें धीरे-धीरे लय में लाना चाहते थे। पिछले कुछ मैचों में उनकी स्पीड बढ़ी है और अब वे पूरी तरह सहज महसूस कर रहे हैं।' हालांकि बुमराह की फॉर्म को लेकर सवाल अभी भी बने हुए हैं। उन्होंने पिछले 6 आईपीएल मैचों में एक भी विकेट नहीं लिया लेकिन कोच का मानना है कि सिर्फ बुमराह को दोष देना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि टीम के अन्य गेंदबाजों से भी उन्हें वैसा सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है, जैसा मिलना चाहिए।
'पावरप्ले में हम दबाव नहीं बना पाए'
जयवर्धने ने साफ कहा कि पावरप्ले में टीम दबाव बनाने में नाकाम रही है। इसका फायदा विरोधी बल्लेबाज उठा रहे और बुमराह के खिलाफ ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत महसूस नहीं कर रहे। जब दूसरे छोर से दबाव नहीं बनता, तो बल्लेबाज आसानी से खेलते हैं। बुमराह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन टीम के तौर पर हमें और बेहतर करना होगा।
उन्होंने यह भी माना कि किस वजह से बुमराह विकेट नहीं ले पा रहे, इसे एक वजह में बांधना मुश्किल है। अलग-अलग पिचों पर टीम की गेंदबाजी में धार की कमी दिखी है, जिस पर काम करने की जरूरत है।
कोच ने यह भी संकेत दिया कि किस्मत भी बुमराह का साथ नहीं दे रही। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में भी उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। जयवर्धने ने कहा, 'कभी-कभी किस्मत की भी जरूरत होती है। जब एक बार उन्हें विकेट मिलने शुरू होंगे, तो फिर उन्हें रोकना मुश्किल हो जाएगा।'
मुंबई इंडियंस के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण है। टीम को ना सिर्फ हार का सिलसिला रोकना है, बल्कि अपने स्टार गेंदबाज को भी फॉर्म में वापस लाना होगा। आने वाले मैचों में बुमराह का प्रदर्शन टीम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।