LSG vs GT Score: गुजरात टाइटंस की शानदार जीत, लखनऊ को 7 विकेट से रौंदा; इकाना में शुभमन गिल की सेना का जलवा

LSG vs GT Live Score: गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके घर में ही धूल चटाते हुए धमाकेदार जीत दर्ज की है। आईपीएल 2026 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में अपना दबदबा दिखाते हुए मेजबान टीम को 7 विकेट से करारी मात दी। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात ने जोस बटलर और कप्तान गिल की तूफानी पारियों के दम पर मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया और 8 गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गिल और बटलर की जोड़ी ने मचाया कोहराम
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत शानदार रही। जोस बटलर ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और मात्र 37 गेंदों में 60 रनों की आतिशी पारी खेली। उनका बखूबी साथ दिया कप्तान शुभमन गिल ने, जिन्होंने 56 रनों की संयमित और कप्तानी पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। लखनऊ के गेंदबाज इन दोनों के बीच हुई साझेदारी को तोड़ने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा टीम को हार के साथ भुगतना पड़ा।

लखनऊ ने दिया था 165 का लक्ष्य
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए थे। इकाना की पिच पर प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी के सामने लखनऊ का टॉप ऑर्डर पूरी तरह चरमरा गया।

लखनऊ की शुरुआत काफी खराब रही थी। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श मात्र 11 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत (18 रन) और एडेन मार्करम (30 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में झटके देकर लखनऊ को बैकफुट पर धकेल दिया। आयुष बदोनी और निकोलस पूरन भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अंत में मुकुल चौधरी (18), जॉर्ज लिंडे (16) और मोहम्मद शमी (12*) के उपयोगी योगदान की बदौलत लखनऊ 160 के पार पहुंचने में सफल रही।

गेंदबाजी का लेखा-जोखा
गुजरात टाइटंस के लिए प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 28 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। अशोक शर्मा ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 1-1 सफलता मिली। राशिद खान किफायती तो रहे लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

19:08 PM(2 hours ago )

लखनऊ के खिलाफ गुजरात टाइटंस की शानदार जीत

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 07:08 PM IST

गुजरात टाइटंस ने इकाना के मैदान पर पूरी तरह से अपना दबदबा बनाए रखा। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा के 'चौके' के बाद बल्लेबाजी में जोस बटलर और शुभमन गिल के अर्धशतकों ने लखनऊ के फैंस को मायूस कर दिया। 165 रनों का पीछा करते हुए गुजरात ने जिस अंदाज में 18.4 ओवर में मैच खत्म किया, उसने विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।

19:04 PM(2 hours ago )

गुजरात टाइटंस जीत की दहलीज पर

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 07:04 PM IST

मैच अब पूरी तरह से गुजरात टाइटंस के पक्ष में झुक गया है। वाशिंगटन सुंदर की सधी हुई बल्लेबाजी ने गुजरात को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया है। अब खेल के आखिरी 2 ओवर बचे हैं और गुजरात को जीत के लिए मात्र 6 रनों की दरकार है।

18:04 PM(3 hours ago )

पावरप्ले में गुजरात ने बनाए 52 रन

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 06:04 PM IST

पावरप्ले का खेल खत्म हो चुका है और गुजरात टाइटंस ने मजबूत शुरुआत की है। साई सुदर्शन का विकेट खोने के बाद भी गुजरात ने रनों की रफ्तार को कम नहीं होने दिया है। 6 ओवर की समाप्ति के बाद टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 52 रन है। कप्तान शुभमन गिल और जोश बटलर क्रीज पर डटे हुए हैं।

17:59 PM(3 hours ago )

गुजरात टाइटंस को पहला झटका

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 05:59 PM IST

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन टीम को अब पहला झटका लग चुका है। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें दिग्वेश सिंह राठी की गेंद पर आवेश खान ने कैच किया। सुदर्शन ने अपनी पारी में 3 चौके लगाए, लेकिन वे अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। हालांकि, कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं और शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं। 5.1 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 45 रन पर 1 विकेट है।

17:19 PM(4 hours ago )

लखनऊ ने गुजरात को दिया 165 का लक्ष्य

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 05:19 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहली पारी की समाप्ति तक 164/8 का स्कोर खड़ा किया है। प्रसिद्ध कृष्णा की 'चौकड़ी' ने एक समय लखनऊ को 131/7 पर रोक दिया था, लेकिन आखिरी ओवर्स में शमी और आवेश खान की छोटी मगर तेज पारियों ने गुजरात के लिए लक्ष्य को 165 तक पहुंचा दिया है। इकाना की धीमी होती पिच पर यह स्कोर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस इस लक्ष्य का पीछा कैसे करती है।

17:04 PM(4 hours ago )

मुकुल चौधरी भी आउट, लखनऊ के 7 विकेट गिरे

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 05:04 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आ रही है। टीम ने अपना 7वां विकेट भी गंवा दिया है। मुकुल चौधरी 14 गेंदों में 18 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर आउट हो गए हैं। उनके आउट होने के साथ ही लखनऊ का स्कोर 131 रनों पर 7 विकेट हो गया है।

16:54 PM(4 hours ago )

लखनऊ को छठा झटका

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:54 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी पूरी तरह विफल साबित हो रही है। टीम ने अब अपना छठा विकेट भी गंवा दिया है। क्रीज पर टिकने की कोशिश कर रहे अब्दुल समद 22 गेंदों में मात्र 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें अशोक शर्मा की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने कैच किया। लखनऊ की टीम अब गहरे संकट में है और इकाना की धीमी पिच पर रन बनाना उनके बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। विकेटों के लगातार गिरने से अब सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण लग रहा है।

16:44 PM(4 hours ago )

लखनऊ ने खोया 5वां विकेट

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:44 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अनुभवी बल्लेबाज निकोलस पूरन भी 21 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए हैं, जिससे लखनऊ की बड़े स्कोर की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पूरन को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया, जो इस मैच में प्रसिद्ध का तीसरा शिकार हैं। 14.5 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 5 विकेट पर 110 रन है। अब क्रीज पर अब्दुल समद का साथ देने मुकुल चौधरी आए हैं, और टीम की पूरी उम्मीदें अब निचले क्रम की बल्लेबाजी पर टिकी हैं।

16:30 PM(4 hours ago )

मार्करम और बदोनी भी लौटे पवेलियन, लखनऊ- 83/4

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:30 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी मझधार में नजर आ रही है। बेहतरीन शुरुआत के बाद टीम की पारी अचानक लड़खड़ा गई और 11 ओवर के खेल तक लखनऊ ने 83 रन के स्कोर पर अपने 4 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए हैं। एडेन मार्करम 30 रन और आयुष बदोनी 9 रन बनाकर आउट हुए, इन दोनों ही बल्लेबाजों को प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया।

फिलहाल क्रीज पर निकोलस पूरन और अब्दुल समद की जोड़ी मौजूद है, जिन पर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की भारी जिम्मेदारी है। गुजरात के गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

16:05 PM(5 hours ago )

लखनऊ ने पावरप्ले में जड़े 60 रन

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:05 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पावरप्ले के 6 ओवरों के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 60 रन बना लिए हैं। टीम ने तेज शुरुआत की है, जिसमें एडेन मार्करम 16 गेंदों में 22 रन और आयुष बदोनी 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। हालांकि, लखनऊ ने अपने दो बड़े विकेट मिचेल मार्श (11 रन) और कप्तान ऋषभ पंत (18 रन) के रूप में गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर मार्करम और बदोनी की जोड़ी रन गति को बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

16:02 PM(5 hours ago )

लखनऊ का दूसरा विकेट गिरा

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:02 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स को दूसरा झटका लगा। कप्तान ऋषभ पंत 11 गेंदों में 18 रनों की छोटी पारी खेली।

16:02 PM(5 hours ago )

लखनऊ को लगा पहला झटका

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:02 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स को मैच की शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श सस्ते में पवेलियन लौट गए। मार्श आक्रामक मूड में दिख रहे थे और उन्होंने मात्र 4 गेंदों में 11 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि, उनकी यह पारी लंबी नहीं चल सकी। कगिसो रबाडा की एक गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मार्श गलती कर बैठे और हवा में गेंद मार दी और कैच आउट हो गए।

16:00 PM(5 hours ago )

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

Posted by: सुमित कुमार, 12 Apr 2026, 04:00 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिगवेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।

गुजरात टाइटंस (GT): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा।