CWG 2018: भारत का स्वर्णिम सफर जारी, 15 साल के अनीष और बजरंग ने जीता गोल्ड, झोली में कुल 42 पदक

गोल्ड कोस्ट। निशानेबाजों और पहलवानों के शानदार प्रदर्शन से भारत पदक तालिका में पिछली बार के प्रदर्शन को पीछे छोड़ने में सफल रहा लेकिन 21 वें राष्ट्रमंडल खेलों में आज यहां 15 वर्षीय अनीश भानवाला सबसे कम उम्र के भारतीय पदक विजेता बने वहीं ‘ नो नीडल पॉलिसी ' का उल्लंघन करने के कारण दो एथलीटों को स्वदेश लौटने का आदेश दिया गया।
आज तीन स्वर्ण , तीन रजत और चार कांस्य पदक
भारतीय दल को आज खुशी भी मिली तो उसे पीड़ा भी सहनी पड़ी। खेलों के हिसाब से आज का दिन भारत के लिये सबसे अच्छा रहा। उसने तीन स्वर्ण , तीन रजत और चार कांस्य पदक अपनी झोली में डाले लेकिन पैदल चाल के एथलीट के टी इरफान और त्रिकूद के वी राकेश बाबू को स्वदेश भेजने के आदेश के कारण निराशा भी पैदा हुई।
इसे भी पढ़े: IPL 2018: आमिर खान की बेटी पर फिदा हैं ये दिग्गज भारतीय क्रिकेटर, नाम जानकर हैरान रह जाएंगे
भारत के कुल पदकों की संख्या 42
भारत के कुल पदकों की संख्या 42 पर पहुंच गयी है जिसमें 17 स्वर्ण , 11 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत ने 2014 ग्लास्गो खेलों में 15 स्वर्ण जीते थे। अगर भारत के लिए सकारात्मक परिणामों की बात करें तो आज का दिन अनीश के नाम रहा जिन्होंने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में खेलों के नये रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
अब स्वदेश में गणित की अपनी परीक्षा को लेकर चिंतित इस किशोर ने कहा- मुझे पदक की पूरी उम्मीद थी क्योंकि अन्य टूर्नामेंटों में भी मैंने अच्छा प्रदर्शन किया था। नाम बदलते रहे लेकिन मैंने वही परिणाम हासिल किये।
शूटिंग रेंज में एक दिन में दूसरा स्वर्ण पदक
शूटिंग रेंज में भारत ने एक दिन में दूसरा स्वर्ण पदक भी जीता। पूर्व विश्व चैंपियन तेजस्विनी सावंत ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में सोने का तमगा हासिल किया जबकि इसी स्पर्धा में अंजुम मोदगिल ने रजत पदक जीता।
इसे भी पढ़े: IPL 2018: 20 साल के इस खिलाड़ी ने महज 2 मैचों में मचा दी सनसनी, दिलचस्प तरीके से IPL खेलने का मिला मौका
पहलवानों ने आज के चारों भार वर्गों में पदक जीते
पहलवानों ने आज के चारों भार वर्गों में पदक जीते। बजरंग पूनिया (65 किग्रा ) ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता जबकि मौसम खत्री (97 किग्रा ) और पूजा ढांडा (57 किग्रा ) ने रजत पदक तथा दिव्या काकरान (68 किग्रा ) ने कांस्य पदक जीता।
बजरंग ने कहा- यह स्वर्ण पदक मेरे कुश्ती करियर में शानदार सुधार का सबूत है क्योंकि मैंने पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। मैं चार मुकाबले लड़ा। मैंने इसके लिये बहुत अच्छी तैयारी की थी।
मुक्केबाजी रिंग में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा
मुक्केबाजी रिंग में तीन पुरूष खिलाड़ियों नमन तंवर (91 किग्रा ), राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार (69 किग्रा ) और मोहम्मद हसमुद्दीन (56 किग्रा ) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। लेकिन विकास कृष्ण (75 किग्रा ) और सतीश कुमार (91 किग्रा से अधिक ) के अलावा अमित पांघल (49 किग्रा ), गौरव सोलंकी (52 किग्रा ) और मनीष कौशिक (60 किग्रा ) की तेजी से उभरती त्रिमूर्ति ने फाइनल में जगह बनायी।
बैडमिंटन, स्क्वाश और टेबल टेनिस में भी भारत की पदक की उम्मीदें बनी रही
इसके अलावा बैडमिंटन, स्क्वाश और टेबल टेनिस में भी भारत की पदक की उम्मीदें बनी रही। इन तीनों खेलों में अधिकतर भारतीय खिलाड़ी आगे बढ़ने में सफल रहे। लेकिन एक घटना अच्छी खबरों पर हावी हो गयी। पैदल चाल के एथलीट के टी इरफान और त्रिकूद खिलाड़ी वी राकेश बाबू को राष्ट्रमंडल खेलों की ‘ नो नीडल पालिसी ' के उल्लंघन के आरोप में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ( सीजीएफ ) अदालत ने वापस भेजे जाने का आदेश दिया।
खेल मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने अब तक चुप्पी बनाए रखी
यही नहीं देश के खेल प्रशासकों ने अपनी भ्रामक टिप्पणियों से शर्मिंदगी और बढ़ा दी जबकि शहर के दौरे पर आए खेल मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने अब तक चुप्पी बनाए रखी है। इरफान पहले ही 20 किमी पैदल चाल में भाग ले चुके हैं जिसमें वह 13 वें स्थान पर रहे जबकि राकेश बाबू को आज त्रिकूद फाइनल में हिस्सा लेना था लेकिन घुटने की चोट के कारण वह कल रात ही इससे बाहर हो गये थे।
राष्ट्रमंडल खेलों के नौवें दिन की पदक तालिका
राष्ट्रमंडल खेलों के नौवें दिन के बाद पदक तालिका इस प्रकार है
देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल
1 ऑस्ट्रेलिया 65 49 54 168
2 इंग्लैंड 31 34 34 99
3 भारत 17 11 14 42
4 कनाडा 14 34 26 74
5 दक्षिण अफ्रीका 13 10 12 35
6 न्यूजीलैंड 10 14 12 36
7 स्कॉटलैंड 9 13 19 41
8 नाइजीरिया 8 5 5 18
9 साइप्रस 8 1 5 14
10 वेल्स 7 10 12 29
इनपुट-भाषा
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App