CWG 2018: 10वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने जीते 8 गोल्ड, झोली में 25 स्वर्ण समेत 59 पदक, जानिए भारत का कॉमनवेल्थ में रिकॉर्ड
कॉमनवैल्थ गेम्स के 10वें दिन भारतीय खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित 17 पदक अपनी झोली में डाले।

कॉमनवैल्थ गेम्स के 10वें दिन भारतीय खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित 17 पदक अपनी झोली में डाले। अब तक भारत ने 25 स्वर्ण, 16 रजत और 18 कांस्य के साथ 59 पदक जीत चुका है।
बता दें कि भारत ने ग्लास्गो में खेले गए कॉमनवैल्थ गेम्स में 15 स्वर्ण, 30 रजत और 19 कांस्य पदक जीते थे। कॉमनवैल्थ गेम्स में भारत का यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो चुका है। इससे पहले भारत ने 2002 मैनचेस्टर में खेले गए कॉमनवैल्थ में 30 स्वर्ण जबकि 2010 के दिल्ली खेलों में 38 स्वर्ण जीते थे।
भारत की ओर से 10वें दिन मुक्केबाजों ने एमसी मैरीकॉम, गौरव सोलंकी और विकास कृष्णन, पहलवानों में विनेश फोगाट और सुमित, भाला फेंक में एथलीट नीरज चोपड़ा, निशानेबाजी में संजीव राजपूत और टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा ने स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।
कुश्ती में विनेश, सुमित को स्वर्ण, साक्षी को कांस्य पदक
भारतीय पहलवानों सुमित (125 किलो ) और विनेश फोगाट ( 50 किलो ) ने आज राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में भारत को दो स्वर्ण पदक और दिलाये जबकि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ( 62 किलो ) को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।
भारत ने कुश्ती में पांच स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते। कुश्ती में पदकों में मामले में भारत 2014 ग्लास्गो खेलों से एक पदक पीछे रहा लेकिन स्वर्ण पिछली बार भी पांच जीते थे । साक्षी और विनेश ने राउंड राबिन प्रारूप खेला क्योंकि उनके वर्ग में छह से कम प्रतियोगी थे।
मैरीकोम, सोलंकी और विकास ने मुक्केबाजी रिंग में सोना जीता
पांच बार की विश्व चैम्पियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एम सी मैरीकोम (48 किलो) राष्ट्रमंडल खेलों में महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनी जबकि गौरव सोलंकी (52 किलो) और विकास कृष्ण (75 किलो) ने भी पीला तमगा अपने नाम किया।
हालांकि अमित पंघाल (49 किलो) और मनीष कौशिक (60 किलो) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत इस बार राष्ट्रमंडल खेलों से मुक्केबाजी के आठ पदक लेकर लौटेगा जो इससे पहले 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के उसके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से एक पदक ज्यादा है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App