एशियाई एथलेटिक्स: मनप्रीत कौर और लक्ष्मणन को स्वर्ण
भारत प्रतियोगिता के पहले दिन सात पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर है

मनप्रीत कौर और लंबी दूरी के धावक जी लक्ष्मणन ने 22वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरुवार को यहां स्वर्ण पदक जीते। भारत प्रतियोगिता के पहले दिन कुल सात पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
वी नीना और नयन जेम्स ने महिलाओं की लंबी कूद में रजत और कांस्य जबकि विकास गौड़ा, संजीवनी यादव, अनु रानी ने क्रमश: पुरुषों के चक्का फेंक, महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ और भाला फेंक में कांसे के तमगे अपने नाम किए।
इसे भी पढ़े:- भारतीय एथलीट श्रीराम ने कहा- अगर मेरा रिकॉर्ड कायम रहता है तो हम 40 साल पीछे
मनप्रीत ने अपने जन्मदिन पर महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में 18.28 मीटर गोला फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। लक्ष्मणन ने 5000 मीटर की दौड़ 14 मिनट 54.48 सेकेंड में पूरी करके पहला स्थान हासिल किया।
इस तरह से इन दोनों ने एशियाई चैंपियन बनने पर लंदन में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भी अपनी जगह सुरक्षित की। आखिरी क्षणों में चैंपियनशिप में प्रवेश पाने वाले अनुभवी विकास गौड़ा को पुरूषों के चक्का फेंक में हालांकि कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।
गौड़ा ने 60.81 के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। एशियाई स्तर पर गौड़ा को लंबे समय से चुनौती देने वाले ईरान के एहसान हदादी ने 64.54 के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण जबकि मलेशिया के मोहम्मद इरफान ने 60.96 मीटर के प्रयास के रजत पदक जीता।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App