जयपुर: बदमाशों ने बैंक से लूटा 31 किलो सोना, CCTV में कैद हुई वारदात
चार बदमाशों ने महज 20 मिनट में लूट को अंजाम दिया।

राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार को मुथूट फाइनेंस कंपनी से 31 किलोग्राम सोना लूट लिया गया। चार बदमाशों ने महज 20 मिनट में लूट को अंजाम दिया। लूटे गए सोने की कीमत 7 करोड़ रुपए बताई गई है।
हथियारों की नोंक पर की लूट
मुथूट फाइनेंस के ऑफिस में शुक्रवार को रोज की तरह काम हो रहा था। तभी चार बदमाश पहुंचे। कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी। इस वक्त चार लोगों का स्टाफ और दो कस्टमर थे।
इसे भी पढ़ें- अब राजस्थान सरकार करवाएगी आनंदपाल एनकाउंटर की CBI जांच
इन सभी को हथियारों की नोंक पर एक तरफ खड़ा कर दिया गया। बदमाशों ने इसके बाद मैनेजर से लॉकर की चाबी मांगी। इनकार करने पर मारपीट की। बाद में मैनेजर ने चाबी दे दी। बदमाशों ने लॉकर खोलकर सोना निकाला और फरार हो गए।
मात्र बीस मिनट में ही लूट को अंजाम दिए
बदमाशों ने इतनी बड़ी लूट को महज 20 मिनट में अंजाम दिया। बदमाशों ने इतनी तेजी से काम किया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बदमाशों के जाते ही कर्मचारियों ने हल्ला मचाकर आस-पास के लोगों को बुलाया। पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची। नाकाबंदी कराई। एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
ऑफिस में लगे सीसीटीवी में लूट की वारदात कैद हुई है। चार में से दो बदमाशों ने हेल्मेट लगा रखा था। एक ने चेहरे को रूमाल से ढंका था जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था।
ये भी पढ़े- आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए प्रेमी-प्रेमिका, गांववालों ने पेड़ से बांधकर की धुनाई
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बदमाश दो बाइकों पर आए थे और वारदात के बाद इन्हीं पर फरार भी हो गए।
एक दिन पहले हुई थी बैंक डकैती
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ही आदर्शनगर इलाके में यूको बैंक की एक ब्रांच में डकैती हुई थी। यहां से बदमाश 15 लाख रुपए ले गए थे। पुलिस अभी इस केस की जांच कर ही रही थी कि शुक्रवार को सोने की लूट की वारदात हो गई।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App