Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

जींद : HIV Positive होने की बात छुपाकर कर ली शादी , अब पत्नी भी हो गई शिकार

पीड़िता ने पति व ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी कि शादी के दौरान उसका पति एचआईवी पॉजिटिव था। जिसके बारे में ससुरालीजनों ने छुपा कर रखा। जिसके चलते वह खुद भी पॉजिटिव हो गई। फिलहाल पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

HIV
X
प्रतीकात्मक फोटो

हरिभूमि न्यूज : जींद

सुनहरे ख्वाबों के साथ जिसे जीवन साथी बनाया था, उस जीवनसाथी व उसके परिजनों ने लाइलाज बीमारी को छुपाया, जिसके चलते वह खुद भी लाइलाज बीमारी का शिकार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित पति (Accused husband) समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस (Police) मामले की जांच कर रही है।

22 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी नौ फरवरी 2019 को कैथल निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजनों ने दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। जिसके चलते उसके हालात बिगड़ते चले गए। हालातों में सुधार न होने पर जब उसने चिकित्सा परीक्षण करवाया तो पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव हो चुकी है।

बाद में सामने आया कि शादी से पहले उसका पति एचआईवी पॉजिटिव था। उसके ससुरालीजनों को उसके पति के एचआईवी पॉजिटिव होने के बारे में पूरी जानकारी थी। बावजूद इसके उसके पति तथा ससुरालीजनों ने लाइलाज बीमारी को छुपाते हुए उसके साथ शादी करवाई। जिसके चलते वह खुद भी एचआईवी पॉजिटिव हो गई। जब उसने पति तथा ससुरालीजनों से इस बारे में बातचीत की तो उन्होंने समाज का भय दिखाते हुए चुप रहने के लिए कहा और साथ ही बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने उसके पति, ननंद ,ससुर तथा चाचा ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत, दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

महिला थाना प्रभारी शीला देवी ने बताया कि पीड़िता ने पति व ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी कि शादी के दौरान उसका पति एचआईवी पॉजिटिव था। जिसके बारे में ससुरालीजनों ने छुपा कर रखा। जिसके चलते वह खुद भी पॉजिटिव हो गई। फिलहाल पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

और पढ़ें
Next Story