Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

रामगोपाल यादव की सपा में वापसी, पार्टी ने खत्म किया निलंबन

रामगोपाल को अक्टूबर महीने में ही पार्टी से निलंबित किया गया था।

रामगोपाल यादव की सपा में वापसी, पार्टी ने खत्म किया निलंबन
X
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव को दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया गया है। पार्टी से निकाले गए रामगोपाल यादव का निलंबन ख़त्म कर दिया गया है। पार्टी में वापस लिए जाने के साथ ही उन्हें पहले की ही तरह SP के महासचिव, प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वह पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य भी रहेंगे। रामगोपाल को अक्टूबर महीने में ही पार्टी से निलंबित किया गया था।
सपा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि, 'प्रफेसर रामगोपाल यादव का समाजवादी पार्टी से किया गया निष्कासन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। प्रोफेसर रामगोपाल यादव राज्यसभा में समाजवादी पार्टी संसदीय दल के नेता, पार्टी के महासचिव/प्रवक्ता तथा पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड सदस्य के रूप में कार्य करते रहेंगे।' इस प्रेस विज्ञप्ति के ऊपर पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के हस्ताक्षर हैं।
पार्टी द्वारा अपना निष्कासन रद्द किए जाने पर प्रतिक्रिया करते हुए रामगोपाल यादव ने बताया, 'यह तो होना ही था। पार्टी में वापसी है, नेताजी की कृपा है। नेताजी कभी मेरे खिलाफ नहीं थे।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं तो घर में ही था। तकनीकी तौर पर पार्टी से निकाल दिया गया था, पर मैं तो पार्टी में हमेशा से था।' रामगोपाल ने यह भी कहा कि उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर कभी भी कुछ नहीं किया। कुछ दिनों पहले ही रामगोपाल ने मीडिया में खुद को पार्टी से निकाले जाने के प्रति दुख जताया था। इस मौके पर बोलते हुए वह भावुक होकर रो पड़े थे।
मालूम हो कि समाजवादी पार्टी के अंदर बीते दिनों हुई उठा-पटक और मतभेद के कारण रामगोपाल को पार्टी से बाहर कर दिया गया था। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अपने चाचा शिवपाल यादव के साथ हुई तकरार में रामगोपाल खुलकर अखिलेश के साथ खड़े हुए थे। इसका खामियाजा उन्हें और उनके बेटे अक्षय यादव, दोनों को ही भुगतना पड़ा था। अक्षय यादव फिरोजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं।
खबरों की अपडेट पाने के लिए लाइक करें हमारे इस फेसबुक पेज को फेसबुक हरिभूमि, हमें फॉलो करें ट्विटर और पिंटरेस्‍ट पर-

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story