Lok Sabha Elections Phase 2 Live : बिहार की पांचों सीटों पर मतदान सम्पन्न, कुल 62.52 फीसदी हुआ मतदान
बिहार की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न। बिहार निर्वाचन आयोग के अनुसार 62.52 प्रतिशत मतदान हुआ। बांका के दो बूथ छोड़कर सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान हुआ।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार की पांच सीटों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका पर मतदान संपन्न हो चुका है। 68 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद हो चुका है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल, बिहार सैन्य बल और हथियारबंद जिला पुलिस बल की टुकड़ियां तैनात थी। इन क्षेत्रों में लगभग आधे से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, मतदान के लिए कुल 8644 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस चरण में कुल 8552274 मतदाताओं में 4492599 पुरुष मतदाता, 4059375 महिला मतदाता और थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 300 है।
Lok Sabha Elections Phase 2 Live :
- बिहार की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न। बिहार निर्वाचन आयोग के अनुसार 62.52 प्रतिशत मतदान हुआ। बांका के दो बूथ छोड़कर सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान हुआ। वहीं भागलपुर के नवगछिया और बांका के अमरपुर में एक एक बूथ पर वोट बहिष्कार की शिकायत मिली।
Total voter turnout for 2nd phase of #LokSabhaElections2019 is 61.12%. pic.twitter.com/mw2R25FLWC
— ANI (@ANI) April 18, 2019
- चुनाव आयोग के मुताबिक चार बजे तक किशनगंज में 56.7, बांका 54.30, भागलपुर में 46, कटिहार में 50 और पूर्णिया में 54 प्रतिशत वोट पड़े थे। पांचों सीटों पर कुल मतदान 52.2% हुआ।
- बांका के दो विधानसभा क्षेत्रों में मतदान खत्म। 4 बजे के पहले जो वोटर लाइन में लगे हैं उन्हें मतदान करने दिया जाएगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण बेलहर और कटोरिया विधानसभा क्षेत्र में 4 बजे तक ही वोटिंग का समय निर्धारित था।
- पूर्णिया लोक सभा क्षेत्र के फलका प्रखंड के सर्वोदय उच्च विद्यालय बरेटा के बूथ पर कड़ी धूप होने के कारण घंटों मतदान के इंतजार में खड़े रहने के कारण महिला मतदाता सुलेखा देवी अचानक गिर गईं। महिला के गिरने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बताया कि मतदान केंन्द्र पर पेयजल की भी कोई व्यवस्था नहीं है। घटना की सूचना पाकर चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर पीके सिंह अपनी टीम के साथ पीड़ित महिला का इलाज किया। फिर महिला ने मतदान किया।
- भागलपुर में वर्तमान राजद सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने अपने पैतृक गांव राघोपुर में वोट डाला।
- बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के कोढ़ा दानीपुर गांव में कोसी नदी के एक घाट को पार कर वोट डालने पहूंचे मतदाता। मतदान केन्द्र तक पहुंचने के लिए गांव वालों को न नाव की सुविधा है और न ही सरकार ने पुल बनवाया है। फिर भी मतदाताओं का उत्साह देखने लायक है।
- किशनगंज में सुखानी थानाक्षेत्र के भेलागुड़ी प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 121 पर मतदाताओं का हंगामा, पुलिस पदाधिकारी पर मतदाताओं ने लगाया धक्का-मुक्की करने का आरोप, कुछ देर मतदान बाधित रहा।
- बांका के माध्यमिक विद्यालय रामचुआ बूथ संख्या 59, 60 पर एसएसबी जवान द्वारा महिला वोटर के साथ छेड़छाड़ का आरोप। मामले पर ग्रामीणों ने जताया विरोध। ग्रामीणों के साथ मारपीट कर दहशत फैलाने के लिए जवान ने की हवाई फायरिंग। मौके पर पहुंचा स्थानीय प्रशासन, ग्रामीणों एवं प्रशासन के बीच नोकझोंक।
- दो बजे तक बिहार की पांचों सीटों पर 38.49 प्रतिशत मतदान हुआ। पूर्णिया में सबसे ज्यादा 42, किशनगंज में 40.30, बांका में 40.16, कटिहार में 37 और भागलपुर में 33 प्रतिशत मतदान हुआ।
- कटिहार के बलरामपुर की लुत्तीपुर पंचायत के श्री पोटोल के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों ने कहा कि रोड नहीं, तो वोट नहीं। पहले रोड बनाओ फिर मतदान करेंगे।
- कटिहार की भमरैली पंचायत के कन्या मध्य विद्यालय रघैली बूथ पर प्रिंटर खराब होने की वजह से लगभग एक घंटे से मतदान बाधित।
- भागलपुर के अंबा गांव के करीब सौ मतदाताओं की नाम वोटर लिस्ट से गायब। गांव के मतदाताओं ने जवान पर आरोप लगाया की एक पार्टी के पक्ष मे वोट करवाया जा रहा है।
- कटिहार के बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय पोटोल स्थित मतदान केंद्र-64 के मतदाताओं ने वोट डालने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े हैं।
- पूर्णिया में बूथ नंबर 80 एवं 81 के मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। मतदाताओं ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में सड़क, स्वास्थ्य, पुल निर्माण का कार्य नहीं हुआ है।
- भागलपुर में बूथ संख्या 174 में कांग्रेस नेता सदानंद सिंह ने मतदान किया।
- चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक बांका में सबसे ज्यादा 28.30, किशनगंज में 26.20, पूर्णिया में 25.45, कटिहार में 25 व भागलपुर में 23 प्रतिशत मतदान हुआ।
- 11 बजे तक कटिहार में सबसे ज्यादा 21, किशनगंज में 19.70, बांका में 18.32 व पूर्णिया और भागलपुर में 18 प्रतिशत मतदान हुआ।
- 11 बजे तक बिहार के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में 18.97 प्रतिशत मतदान हुआ।
#LokSabhaElections2019 : Voter turnout till 11 AM in #Bihar is 18.97%
— ANI (@ANI) April 18, 2019
- किशनगंज में नाराज मतदाओं ने वोटिंग का विरोध किया है। किशनगंज सीट के दल्लेगांव पंचायत के 4299 मतदाताओं ने कहा कि सरकार गांव में कोई विकास कार्य नहीं की है, हम वोट क्यों करें। इस क्षेत्र के पांच पोलिंग बूथों में से चार पर मतदान का बहिष्कार किया गया है। गांव वालों के अनुसार बांस की बल्लियों से बने अस्थाई पुल से होकर हम शहर की ओर जाते हैं। आज तक किसी नेता ने इस पर ध्यान नहीं दिया। नाराज मतदाता अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
- किशनगंज के बूथ संख्या 262 मध्य विद्यालय हुलहुली में इवीएम में खराबी के कारण मतदान देरी से शुरू हुआ। मतदाताओं और सुरक्षा बलों में इसको लेकर नोकझोंक की खबर।
- भागलपुर के शाहकुंड के 8 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की वजह से आधा घंटे से मतदान रुका हुआ है।
- भागलपुर के बूथ नंबर 110,111 और 112 के मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया है। मतदाता अपनी मांगों को लेकर जिद पर अड़े हैं।
- किशनगंज में बूथ संख्या 159 और 157 जहांगीरपुर माध्यमिक विद्यालय में ईवीएम में तकनीकी खराबी की वजह 30 मिनट से मतदान बाधित।
- केंद्रीय मंत्री और बक्सर से भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
Bihar: Union Minister and BJP candidate from Buxar, Ashwini Kumar Choubey, cast his vote at a polling station in Bhagalpur. #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/6Kg9gwRWi2
— ANI (@ANI) April 18, 2019
- भागलपुर लोकसभा सीट पर 10 बजे तक 16 प्रतिशत मतदान हुआ।
- सुबह 10 बजे तक बिहार के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में 19.5 प्रतिशत मतदान हुआ।
Voter turnout till 10 AM in Bihar is 19.5%. #LokSabhaElections2019
— ANI (@ANI) April 18, 2019
- कटिहार के फलका में बूथ संख्या 39 प्राथमिक विद्यालय फुलडोभी में पोलिंग एजेंट एवं पुलिस कर्मीयों के बीच हुई मारपीट। पुलिस ने दी गोली मारने की धमकी। मतदान कार्य बाधित।
- पूर्णिया में ईवीएम मशीन खराब होने की वजह से मतदान कार्य धीमी गति से चल रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार उदय सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जल्दी से ठीक नहीं हुआ तो चुनाव आयोग से मतदान का समय बढ़ाने की मांग करेंगे।
- पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 45 पर सुबह 9:00 बजे तक सबसे अधिक 29 फीसदी मतदान हुआ।
- 90 वर्षीय उर्मिला और उषा ने भागलपुर के पोलिंग बूथ नंबर 39 पर किया मतदान।
- कटिहार के विधायक तारकेश्वर प्रसाद ने किया मतदान।
- कटिहार के मनिहारी के दो बूथों पर वोटरों ने मतदान का बहिष्कार किया है। मनिहारी के गांधीटोला के बूथ 139 और 140 पर वोट बहिष्कार किया गया है। गंगा कटाव के हल को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार सिर्फ आश्वासन देती है। आज तक कटाव रोकने के लिए कोई कार्य नहीं हुआ है। मनिहारी सीओ संजीव कुमार मतदाताओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह 9 बजे तक यहां केवल तीन मतदाताओं ने वोट डाला है।
- अभी तक बिहार के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में 12.27 प्रतिशत मतदान हुआ।
UPDATE #LokSabhaElections2019 : Voter turnout in #Bihar (5 constituencies) is 12.27%, till 8am https://t.co/p7a7PTVKyv
— ANI (@ANI) April 18, 2019
- पूर्णिया के मुख्य चुनाव अधिकारी ने 9 बजे तक सभी पोलिंग बूथों पर मतदान कार्य हर हाल में शुरू कराने का दिया निर्देश। शिकायत मिलने पर हर बूथ पर ईवीएम इंजिनीयर भेजा जाएगा।
- पूर्णिया के बूथ संख्या 110 में इवीएम में गड़बड़ी, मतदान के लिए कतार में खड़े हैं मतदाता।
- कटिहार के त्रिवेणी नायक स्कूल में पोलिंग बूथ के बाहर कांग्रेस का झंडा दिखा।
- बिहार के कटिहार के हसनगंज प्रखंड के बूथ संख्या 37 पर बीमार मतदाता को चारपाई पर लेकर मतदान कराने पहुंचे परिजन।
- पूर्णिया के मध्य विद्यालय दरगाह बूथ संख्या 136 का ईवीएम खराब होने से 8:35 बजे शुरू हुआ मतदान।
- भागलपुर के बूथ संख्या 250 पर राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र महापर्व में सभी लोगों को मतदान करना चाहिए।
- भागलपुर के तगेपुर बूथ संख्या 173 पर इवीएम में गड़बड़ी की वजह से मतदान रुका।
- बहादुरगंज के आदर्श बूथ संख्या 190 मध्य विद्यालय बहादुरगंज पर इवीएम में मामूली खराबी की शिकायत के बीच आधे घंटे देर से मतदान शुरू। किशनगंज के कोचाधामन विधानसभा के बूथ नंबर 200 में सुबह से इवीएम में खराबी की वजह से 8:17 बजे शुरू हुआ मतदान।
- बिहार के 5 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 8 बजे तक 5.73 फीसदी मतदान रहा।
#LokSabhaElections2019 : Voter turnout in #Bihar (5 constituencies) is 5.73%, till 8am pic.twitter.com/kl3IBzZxzI
— ANI (@ANI) April 18, 2019
किशनगंज
किशनगंज मुस्लिम बहुल सीट होने की वजह से इस लोकसभा सीट पर मुस्लिम मतदाता हमेशा ही निर्णायक रहे हैं। पूर्वोत्तर राज्य का बॉर्डर कहे जाने वाले इस इलाके में लोकसभा चुनाव हमेशा दिलचश्प रहा है। इस बार कांग्रेस को जहां अपनी सीट बचाने की चुनौती है, वहीं जदयू के लिए भी यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है।
यहां से कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जदयू ने इस बार सैयद महमूद अशरफ को टिकट दिया है, वहीं कांग्रेस ने डॉ. मोहम्मद जावेद और एमआईएम ने अख्तरुल ईमान को टिकट दिया है। टीएमसी की ओर से जावेद अख्तर चुनावी मैदान में हैं। लेकिन माना जा रहा है कि मुख्य मुकाबला जदयू, कांग्रेस और एमआईएम के प्रत्याशियों के बीच ही होगा। पिछले चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस के मौलाना असरारुल हक ने भाजपा के डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को लगभग दो लाख वोटों से हराया था।
कटिहार
लोकसभा के दूसरे चरण के मतदान में कटिहार से 9 उम्मीदवार अपनी किस्मत ईवीएम के हवाले करेंगे। यह सीट वर्तमान सांसद तारिक अनवर का गढ़ माना जाता है। इस बार भी इसी सीट से तारिक अनवर बतौर उम्मीदवार मैदान में हैं। वे इस सीट से पांच बार सांसद रह चुके हैं।
2014 के आम चुनाव में एनसीपी से चुनाव लड़ने वाले तारिक को इस बार कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में तारिक अनवर ने भाजपा के निखिल कुमार चौधरी को एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। इस बार इस सीट से जदयू ने अपना प्रत्याशी उतारा है।
पूर्णिया
बिहार के पूर्णिया सीट पर भी मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। पिछली बार यहां से जदयू के प्रत्याशी ने बाजी मारा था। इस बार यहां से 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। मुख्य मुकाबला जदयू के संतोष कुमार और कांग्रेस के उदय प्रताप सिंह के बीच माना जा रहा है। प्रताप पिछली बार भाजपा के प्रत्याशी थे जिन्हें जदयू के संतोष कुमार ने 1 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। इस बार बसपा ने भी यहां से अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने जितेन्द्र उरब को टिकट दिया है।
भागलपुर
भागलपुर लोकसभा सीट पर एनडीए और महागठबंधन के बीच महामुकाबला माना जा रहा है। इस बार इस सीट से 9 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। एनडीए से जदयू प्रत्याशी अजय कुमार मंडल और महागठबंधन से राजद के शैलेष कुमार उर्फ बुलो मंडल के बीच में मुख्य मुकाबला है।
अब तक दोनों प्रत्याशियों ने लगभग एक दर्जन सभाएं की हैं। भागलपुर संसदीय क्षेत्र में 21 लाख 40 हजार मतदाता अपने नेता का भाग्य तय करेंगे। पिछली चुनाव में इस सीट पर राजद के बुलो मंडल ने बेहद नजदीकी मुकाबले में भाजपा के शाहनवाज हुसैन को लगभग 9000 वोटों से हराया था।
बांका
बांका लोकसभा सीट पर इस बार 20 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन यहां त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा के बागी निर्दल प्रत्याशी पुतुल कुमार ने मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। भगवान मंदार मधुसूदन की धरती कहलाने वाली बांका सीट पर कांटे का मुकाबला होने की संभावना है। इस बार जदयू ने गिरधारी यादव को टिकट दिया है तो वहीं राजद ने जयप्रकाश नारायण यादव को यहां से टिकट दिया है।
पिछली चुनाव में राजद ने यहां जीत दर्ज की थी। वर्तमान सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने भाजपा की पुतुल देवी को लगभग 10 हजार वोटों से हराया था। इस सीट पर यादव वोटर्स ही निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यहां लगभग 3 लाख यादव मतदाता हैं। वहीं सवर्ण मतदाता भी लगभग साढ़े तीन लाख की आबादी में हैं। इस वजह से मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App