ब्राजील के रियो डी जनेरियो में तूफान ने बरपाया कहर, 23 लोगों की मौत
आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। रियो डी जनेरियो दमकल विभाग का कहना है कि अभी तक लैंडस्लाइड और बाढ़ से 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

ब्राजील (Brazil) के रियो डी जनेरियो (Rio de Janeiro) में आए तूफान ने कहर बरपा दिया है। रियो डी जनेरियो में एक पहाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश और लैंडस्लाइड (Heavy Rain And landslides) की वजह से 23 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले अधिकारियों ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। अधिकारियों का कहना है कि तूफान (Storms) बीती देर रात आया था।
आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। रियो डी जनेरियो दमकल विभाग का कहना है कि अभी तक लैंडस्लाइड और बाढ़ से 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जैसी ही इस घटना की सूचना मिली, वैसे ही तत्काल बचावकर्मी राहत कार्य में जुट गए। मीडिया में आईं खबरों के मुताबिक, लगभग 180 सैनिकों को प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य के लिए लगाया गया है।
दमकल विभाग की ओर से कहा गया है कि यहां पर लगभग तीन घंटे में 25.8 सेंटीमीटर बारिश हुई। जोकि बीते एक महीने के दौरान सबसे अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश की वजह से बहुत नुकसान हुआ है, लेकिन नुकसान कितना हुआ है इसका पता लगान की कोशिश की जा रही है। बता दें कि हादसे से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रियो डी जनेरियो के उत्तर में पेट्रोपोलिस शहर में लोग हताहत हुए हैं। 23 से अधिक मरने वालों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। रूस की आधिकारिक यात्रा पर गए ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि उन्हें त्रासदी के बारे में सूचना मिली है। बोल्सोनारो ने अपने मंत्रियों को पीड़ितों को तत्काल मदद पहुंचाने का आदेश दिया।