Video Viral: शाहजहांपुर बॉर्डर पर बैरियर तोड़कर हरियाणा में प्रवेश कर गये किसान, पुलिस ने भांजी लाठियां
राजस्थान के शाहजहांपुर खेड़ा बॉर्डर पर आज ट्रैक्टरों पर सवार कुछ किसान पुलिस बैरियर तोड़कर हरियाणा में प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज किया गया व आंसू गैस भी छोड़ी गई। जिसमें कई किसानों के घायल होने की खबर है।

शाहजहांपुर खेड़ा बॉर्डर पर किसानों ने तोड़ा पुलिस बैरियर।
केंद्र सरकार द्वारा लाये गये नये कृषि कानूनों के खिलाफ में देशभर में किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही इसको लेकर वो दिल्ली कूच करने की भी कोशिश कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला राजस्थान में अलवर के शाहजहांपुर खेड़ा बॉर्डर पर गुरुवार दोपहर को सामने आया। जहां ट्रैक्टरों पर सवार कई किसानों पुलिस बैरियर तोड़ दिया औरहरियाणा में प्रवेश कर गए। जब तक हरियाणा पुलिस इन किसानों को रोक पाती, तब तक 10 से 15 किसानों के ट्रैक्टर बॉर्डर से आगे निकल गए। इसके बाद हरियाणा पुलिस की ओर से किसानों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस भी छोड़ी गई। इस पुलिस कार्रवाई के दौरान कई किसान घायल हो गए हैं। इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है।
#WATCH किसान शाहजहांपुर में पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए राजस्थान-हरियाणा बाॅर्डर से हरियाणा में दाखिल हुए। pic.twitter.com/nuAj4XGurx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 31, 2020
बताया जा रहा है कि ये दर्जनभर से ज्यादा ट्रैक्टरों पर सवार किसान शाहजहांपुर बॉर्डर पार करके दिल्ली की ओर रवाना हो गए हैं। वहीं किसान नेताओं का कहना है कि आधिकारिक तौर पर किसानों के दिल्ली जाने की कोई घोषणा नहीं हुई है।
याद रहे, ये किसान राजस्थान में शाहजहांपुर- खेड़ा बॉर्डर पर बीते 12 दिसंबर से आंदोलन कर रहे हैं। हाइवे पर दो किमी तक किसान तंबू लगाकर घेराव किये हुए हैं। किसानों की दिल्ली कूच करने की इच्छा है। वहीं हरियाणा पुलिस ने किसानों को आगे नहीं जाने दे रही है। यहां राजस्थान व हरियाणा के अलावा गुजरात व महाराष्ट्र के भी काफी किसान पड़ाव डाले हुए हैं।