Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

भारत-चीन सीमा के करीब सड़क निर्माण में जुटे एक मजदूर का शव बरामद, 18 अन्य लापता, जानिये वजह

यह सड़क परियोजना अरुणाचल प्रदेश के कुरंग जिले के अंदरूनी इलाके दामिनी में चल रही है। पांच जुलाई के बाद से दामिन में काम करने वाले 19 मजदूर लापता हो गए थे। इनमें से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है।

भारत-चीन सीमा के करीब सड़क निर्माण में जुटे एक मजदूर का शव बरामद, 18 अन्य लापता, जानिये वजह
X

भारत-चीन सीमा (India-China Border) के करीब अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में चल रही सड़क परियोजना (Road Project) का काम कर रहे एक मजदूर का शव बरामद हुआ है, जबकि अन्य 18 मजदूर अभी तक लापता हैं। उनकी तलाश का अभियान लगातार चल रहा है। ज्यादातर मजदूर असम (Assam) के रहने वाले हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सड़क परियोजना अरुणाचल प्रदेश के कुरंग जिले के अंदरूनी इलाके दामिनी में चल रही है। यह क्षेत्र भारत-चीन सीमा से बेहद दूर है। इस सड़क परियोजना का कार्य सड़क सीमा संगठन (बीआरओ) की देखरेख में चल रहा है। जिला उपायुक्त बेंगिया निघी ने बताया कि पांच जुलाई के बाद से दामिन में काम करने वाले 19 मजदूर लापता हो गए थे। इनमें से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है। मजदूरों की तलाश का काम चल रहा है।

इस संबंध में भाजपा सांसद तपीर गाओ ने कहा है कि यह सभी मजदूर BRO के मजदूर थे। आम तौर पर असम और देश के अन्य हिस्सों के मजदूर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने के आदी नहीं होते हैं। आशंका है कि यह मजदूर इसी वजह से भाग सकते हैं, लेकिन एक मजदूर का शव बरामद हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला उसी समूह का है या अलग मामला है।

उधर, मीडिया रिपोर्ट में एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा जा रहा है कि मजदूरों ने ठेकेदार से ईद का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी मांगी थी, लेकिन ठेकेदार ने उन्हें जाने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते मजदूर कोई भी सूचना दिए बिना पैदल घर जाने के लिए निकल पड़े और कुरुंग कुमे के घने जंगलों में खो गए। आशंका है कि यह मजदूर कुमी नदी की बाढ़ में बह गए होंगे। मजदूरों को खोजने के लिए बचाव दल भेजा जाएगा।

और पढ़ें
Next Story