राहुल गांधी के बयान पर गौरव भाटिया का पलटवार, बोले- मिट्टी का तेल बीजेपी नहीं कांग्रेस छिड़कती है, मोदी जी से नफरत करते-करते वो...
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा- राहुल गांधी लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की सेमिनार में जाते हैं वहां जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी (Cambridge University) के सेमिनार में हिस्सा लिया। इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और देश के हालात पर बयान दिया। राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया (Gaurav Bhatia) ने राहुल गांधी पर देश की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा- राहुल गांधी लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की सेमिनार में जाते हैं वहां जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं। ये आदत हो गई है राहुल गांधी और गांधी परिवार की वो मोदी जी से नफरत करते-करते वो भारत माता के खिलाफ ही व्यक्तव्य देने लगे हैं।
आप भाजपा का विरोध कर सकते हैं, स्वस्थ्य राजनीति का ये एक हिस्सा है। लेकिन आप हमारे देश के लिए अपशब्द कहेंगे, बेबुनियाद आरोप लगाएंगे तो ना केवल भाजपा इसका पुरजोर तरीके से विरोध करेगी बल्कि देश की जनता भी इसका विरोध करेगी। एक हताश कांग्रेस और उसके विफल नेता राहुल गांधी जब भी विदेशी की धरती पर जाते हैं, चाहे वो लंदन हो, अमेरिका हो, सिंगापुर हो उनके व्यक्तव्य कहीं न कहीं ये दर्शाते हैं कि आज की कांग्रेस पार्टी 1984 से लेकर अब तक, देश में आग लगाने, सौहार्द बिगाडने में लगी है।
लंदन में राहुल गांधी कहते हैं कि भाजपा ने देश में मिट्टी का तेल छिड़का है। राहुल गांधी जी, मिट्टी का तेल तो कांग्रेस पार्टी छिड़कती है। 1984 का जो नरसंहार हुआ, कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कत्लेआम करवाया, उस मिट्टी के तेल को डालने वाले कांग्रेस के ही नेता थे। राहुल गांधी जी ने दूसरी आपत्तिजनक टिप्पणी जो की है उसमें उन्होंने कहा है कि भारत में पाकिस्तान जैसे हालात हैं। जब से भारत आजाद हुआ, सरकार किसी भी पार्टी की रही हो लेकिन लोकतंत्र का राज भारत में रहा और पकिस्तान वो मुल्क है जो आजादी के 75 वर्ष में आधे समय तानाशाह हुकूमत रही है।