Bharat Band Live: दिल्ली से पंजाब तक पटरियों पर बैठे किसान, चार शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द
Bharat Band: नए कृषि कानूनों के खिलाफ आज किसान संगठनों ने संपूर्ण 'भारत बंद' (Bharat Band on 26 March) का आह्वान किया है।

Bharat Band on 26th March: देश में चल रहे किसान आंदोलन को आज पूरे 4 महीने हो गए हैं। नए कृषि कानूनों के खिलाफ आज किसान संगठनों ने संपूर्ण 'भारत बंद' (Bharat Band on 26 March) का आह्वान किया है। आज से सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक यानी 12 घंटे भारत बंद है। किसानों की तरफ से प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की गई है। यहां जानें पल-पल का अपडेट्स..
Live Updates..
दिल्ली मेट्रो ने कई स्टेशन को बंद किया
दिल्ली मेट्रो ने भारत बंद को देखते हुए कई स्टेशन को बंद कर दिया। जिसमें टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन आदि शामिल हैं। हालांकि, बाद में सभी स्टेशनों को खोल दिया गया।
चार शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द
दिल्ली, हरियाणा से लेकर पंजाब तक किसान आंदोलनकारियों ने 31 स्थानों पर रेलवे ट्रैक को जाम किया है। इस वजह से दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडल में ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। भारतीय रेलवे ने चार शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है।
हम बातचीत के लिए 24 घंटे तैयार
उत्तर प्रदेश भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने आज के भारत बंद पर कहा कि हमारे आंदोलन को लगभग चार महीने पूरे होने जा रहे हैं। भारत बंद में हमें लोगों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर का सहयोग मिल रहा है। इससे सरकार को संदेश जाएगा। हम वार्ता के लिए 24 घंटे तैयार हैं।
अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक जाम
भुवनेश्वर में ओडिशा कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम की। वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर किसान प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक जाम किया है। वहीं गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने डांस किया है।
भारत बंद का दिल्ली पर असर
दिल्ली की जिन बॉर्डर पर किसानों आंदोलन चल रहा है वे सड़कें पहले से बंद हैं। केवल वैकल्पिक रास्ते खोले गए थे। किसान संयुक्त मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा, रोड और रेल ट्रांसपोर्ट ब्लॉक किए जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया है कि बाजार भी बंद रहेंगे।
गाजीपुर बॉर्डर बंद
किसानों को आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर को बंद कर दिया है। बंद इस तरह से किया गया है कि ना तो कोई दिल्ली की ओर आ सकता है और न ही जा सकता है। किसान बीच सड़क में बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।