बेंगलुरु: व्यक्ति ने पत्नी और सास को उतारा मौत के घाट, खून से लथपथ कपड़ों में थाने सरेंडर के लिए पहुंचा- जानें पूरा मामला
आरोपी रवि कुमार को पिछले छह महीने से शक था कि उसकी पत्नी सुनीता का अफेयर किसी से चल रहा है। इस मुद्दे पर मंगलवार को करीब सुबह नौ बजे दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।

बेंगलुरु (Bengaluru) में 42 साल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास (Wife And Mother-In-Law) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद व्यक्ति खून से लथपथ कपड़ों में सरेंडर करने के लिए थाने पहुंच गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मंगलवार को बेंगलुरु में मूडपल्या (Moodalapalya) के पास संजीवनी नगर (Sanjeevini Nagar) में घटी।
आरोपी रवि कुमार को पिछले छह महीने से शक था कि उसकी पत्नी सुनीता का अफेयर किसी से चल रहा है। इस मुद्दे पर मंगलवार को करीब सुबह नौ बजे दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद रवि कुमार बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटा आया। इसके बाद फिर सुबह करीब 10.15 बजे दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि रवि कुमार ने नारियल का चाकू उठाया और अपनी पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। इसी बीच सुनीता की 60 वर्षीय मां सरोजम्मा जो उस समय दंपति के घर में थीं, वह अपनी बेटी को बचाने के लिए दौड़ पड़ीं। चाकू उसके सिर में लगा और वह जमीन पर गिर पड़ी।
जब सुनीता की मां को चाकू लगा तो वह अपने पति पर जोर से चिल्लाने लगी। इस बात से रवि और नाराज होकर आक्रमक हो गया। फिर उसने अपनी पत्नी और सास पर चाकू से तब तक हमला किया जब तक उनकी जान न गई। वारदात को अंजाम देने के बाद रवि लगभग कोई पौने ग्यारह बजे चंद्र लेआउट थाने पहुंचा और सब-इंस्पेक्टर नवीन से पूरी बात बताई। रवि ने अपने घर की चाबी एक टेबल पर रखी और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना की खबर सुनकर दंग रह गए सब-इंस्पेक्टर ने अपने वरिष्ठों को इस मामले की जानकारी दी और तत्काल रवि के घर पहुंचे। रवि के घर में घुसते ही सब-इंस्पेक्टर ने देखा कि वह सच कह रहा है। खबरों से मिली जानकारी के अनुसार, शिवमोग्गा के रहने वाले रवि ने 18 साल पहले सुनीता से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं, एक 17 साल का बेटा और एक आठ साल की बेटी है। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, रवि नारियल बेचता था, लेकिन हाल ही में वे एक बेकरी में काम कर रहा था।
रवि कुमार को शक था कि उसकी पत्नी सुनीता का उस इलाके में कुछ पुरुषों के साथ अफेयर चल रहा है। पिछले छह महीने से दोनों परिवारों के बुजुर्गों ने मसला सुलझाया था, लेकिन शांति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकी। हालांकि, पुलिस अनिश्चित है कि सुनीता का वास्तव में अफेयर था या नहीं। आगे की जांच जारी है।