Independence Day 2018: ''मैं अपने देश को बुलंदियों पर देखना चाहता हूं''
इन दिनों कमल हासन अपनी फिल्म ‘विश्वरूपम-2’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का हीरो, देश की रक्षा करने के लिए, हर बलिदान के लिए तैयार रहता है। इस किरदार को कमल हासन ने निभाया है। असल जिंदगी में कमल हासन कितने देशभक्त हैं? देश के प्रति अपनी क्या जिम्मेदारी महसूस करते हैं? राजनीति में आने का उनका मकसद क्या देश सेवा है? कमल हासन से बातचीत।

कमल हासन साउथ इंडियन फिल्मों के सुपरस्टार हैं। हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने बहुत प्रभावशाली काम किया है। एक्टर होने के साथ-साथ कमल फिल्म डायरेक्टर, राइटर भी हैं। उन्होंने ऐसी फिल्में की हैं, बनाई हैं, जिनमें दर्शकों के लिए संदेश रहता है। देशभक्ति का रंग भी उनकी फिल्मों में नजर आता है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘विश्वरूपम-2’ में भी देशप्रेम की बात की गई है। कमल हासन फिल्मों के साथ अब राजनीति में भी सक्रिय हैं। कुछ समय पहले उनसे बातचीत हुई। कमल हासन देश और देशप्रेम से जुड़ी बहुत सी बातें शेयर कीं। पेश है, बातचीत के चुनिंदा अंश...
आपकी हालिया रिलीज फिल्म ‘विश्वरूपम-2’ में देशभक्ति का जज्बा दर्शकों ने देखा। असल जिंदगी में आप कितने देशभक्त हैं?
भारत हमको जान से प्यारा है, सबसे प्यारा गुलिस्तां हमारा है। मुझे अपने देश से बहुत प्यार है। मैं अपने देश को बुलंदियों पर देखना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि मेरे देश का नाम दुनिया भर में रोशन हो। आप देखिएगा, एक दिन ऐसा जरूर होगा। क्योंकि हमारे देश के लोगों में ताकत, प्रतिभा के साथ जज्बात भी हैं। यही सब बातें ही एक देश को आगे लेकर जाती हैं।
आगे भी क्या आप देशभक्ति पर फिल्में बनाएंगे?
हां, मैं एक और फिल्म बना रहा हूं, इसका नाम है ‘इंडिया’। इस फिल्म में भी देशभक्ति का जज्बा है। जल्द ही इस फिल्म पर काम शुरू होगा।
आप अभिनेता हैं, अब राजनीति में भी आ गए हैं, आप देश के प्रति अपनी क्या जिम्मेदारी महसूस करते हैं?
अभिनेता बनना आसान है। लेकिन नेता बनना आसान नहीं है। नेता बनकर अब हम पब्लिक सर्वेंट हैं। जनता का हर काम हमें ठीक से करना है। बहुत सोच-समझकर फैसले लेने हैं, जिससे जनता को फायदा हो। मेरा राजनीति में आने का मकसद है, यहां मौजूद गंदगी को साफ करना। इसमें वक्त लगेगा, रातों-रात कुछ नहीं बदलता है। लेकिन मैंने बदलाव लाने की ठान ली है।
साउथ की फिल्मों में दिखाया जाता है, वहां की राजनीति में बहुत करप्शन है, क्या यह सच है? इसे दूर करने के लिए आप क्या करेंगे?
यह बात सच है। मैं करप्शन को खत्म करने के लिए ही पॉलिटिक्स में आया हूं। मैं जो भी करूंगा, देश हित के लिए करूंगा। आप अपनी फिल्मों में हमेशा मैसेज देते हैं, जबकि कई डायरेक्टर, एक्टर सिर्फ एंटरटेनमेंट पर ही फोकस करते हैं? मैं फिल्में पैसा कमाने के लिए नहीं करता हूं। मेरा मकसद है कि दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें एक पॉजिटिव मैसेज भी मिले। हमारे कई डायरेक्टर्स, एक्टर ऐसा करते हैं, उन्होंने कई समस्याओं पर फिल्मों के जरिए बात की है, लोगों को अवेयर किया है। एक कलाकार के रूप में ऐसा करना हमारी जिम्मेदारी है। कला भी समाज में, देश में बदलाव लाने का एक माध्यम है।
स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को क्या कहेंगे?
सबसे पहले सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। आजादी का महत्व समझिए और देश को आगे बढ़ाने में योगदान दीजिए।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App