पुणे में स्वाइन फ्लू का कहर, 38 की मौत
पुणे नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जनवरी से अब तक यहां स्वाइन फ्लू से 38 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

पुणे शहर में कई दिनों से स्वाइन फ्लू का कहर जारी है। यहां के अस्पतालों में पिछले तीन दिनों में तीन महिलाओं की मौत हो गई।
पुणे नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जनवरी से अब तक यहां स्वाइन फ्लू से 38 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जिनमें से 11 लोग पुणे के हैं और बाकी दूसरे लोग पुणे के बाहर के हैं।
वहीं पूरे राज्यभर में स्वाइन फ्लू के कारण इस वर्ष अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 644 मामले अस्पताल में आए थे।
बुखार से परेशान जुन्नर की एक 35 वर्षीय महिला की स्वाइन फ्लू के कारण बुधवार शाम को केईएम अस्पताल में मृत्यु हो गयी। महिला को 12 अप्रैल को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वहीं, अहमदनगर की एक 47 वर्षीय महिला जो दो अप्रैल से बीमार थी, उसे 12 अप्रैल को रूबी हाल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी भी बुधवार को स्वाइन फ्लू के कारण मृत्यु हो गई।
एक अन्य मामले में बारामती की एक 32 वर्षीय महिला की 18 अप्रैल को मृत्यु हो गई थी। महिला को छह अप्रैल को रूबी हाल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App