Maharashtra road accident: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरबाड इलाके में सीमेंट मिक्सर और वैन की आमने-सामने टक्कर में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे गोविली गांव के पास रैता पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर से वैन की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार नौ लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और मेडिकल टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारण पुल पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने राहत कार्य के साथ-साथ धीरे-धीरे खुलवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।