प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान में चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम ने घुसपैठियों को बाहर निकालने और राजनीतिक हिंसा पर लगाम लगाने का वादा किया।

PM Modi West Bengal Rally: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 11 अप्रैल को ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। पूर्व बर्धमान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल में भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन को देखकर टीएमसी 'पैनिक मोड' (घबराहट) में आ गई है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य की कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार किया जाएगा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

घुसपैठियों को बाहर निकालने का बड़ा वादा
रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साफ लहजे में कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही पश्चिम बंगाल से सभी अवैध घुसपैठियों को बाहर निकालेगी। उन्होंने उन लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जिन्होंने इन घुसपैठियों को शरण दी और यहाँ बसने में उनकी मदद की। पीएम ने जोर देकर कहा कि आज दुनिया के विकसित देश भी अवैध घुसपैठ के खिलाफ हैं, तो बंगाल में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भ्रष्टाचार और हिंसा पर आएगा 'व्हाइट पेपर'
पीएम मोदी ने घोषणा की कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार और खराब कानून-व्यवस्था पर एक 'व्हाइट पेपर' जारी किया जाएगा। इसके जरिए टीएमसी के हर उस गुंडे, सिंडिकेट और भ्रष्ट विधायक या मंत्री की जवाबदेही तय की जाएगी जिन्होंने जनता का पैसा लूटा है। साथ ही, राज्य में हुई राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक जांच आयोग का गठन किया जाएगा।

ममता सरकार की योजनाओं पर पीएम का रुख
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की योजनाओं को लेकर पीएम मोदी ने जनता को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल की मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को बंद नहीं करेगी, बल्कि टीएमसी द्वारा उनमें किए जा रहे भ्रष्टाचार और लूट को खत्म करेगी। इसके साथ ही पीएम ने वादा किया कि भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही पश्चिम बंगाल में 'आयुष्मान भारत' स्वास्थ्य योजना को लागू कर दिया जाएगा।

सिंडिकेट सिस्टम का होगा खात्मा
प्रधानमंत्री ने सिंडिकेट और रेत माफियाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अब हर सरकारी काम के लिए पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि टीएमसी के पाले हुए लोग अवैध बालू खनन पर कब्जा करने के लिए आपस में ही लड़ रहे हैं। कटवा में हुए विस्फोट का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बंगाल चुनाव का शेड्यूल
बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की 29 अप्रैल को होगी। पूरे चुनाव के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। भाजपा इस बार बंगाल में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है और पीएम मोदी की यह रैली चुनावी लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।