नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई, जिसके कारण इसमें सवार नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें छह बच्‍चे भी शामिल हैं।

Nashik accident महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। दिंडोरी तालुका में देर रात एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दिंडोरी के इंदौर गांव का दरगुडे परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान अचानक कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

एक ही परिवार खत्म, 6 मासूम भी शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार से थे। मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी बताई जा रही है। सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी समेत परिवार के कुल 9 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई। एक साथ इतने लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनडीआरएफ की टीमों को भी राहत और बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी मौके पर जुट गई, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ दिक्कतें आईं। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से कार और सभी शवों को बाहर निकाला गया।

जांच जारी, कारणों की पड़ताल
फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।